पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमध्यप्रदेश में तापमान में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। उमरिया में पिछले 12 घंटे में पारा 10 डिग्री तक लुढ़क गया। इसके अलावा दिन-रात का तापमान लगभग एक हो गया है।
अरब सागर में सिस्टम कमजोर पड़ गया है। इससे आधे मध्यप्रदेश यानी इंदौर, भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में दिन में जबरदस्त ठंड रही। प्रदेश में दिन-रात का तापमान एक रह गया है। प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। भोपाल और ग्वालियर में तो 5 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। दमोह समेत प्रदेश के 19 जिलों में अधिकतम और न्यूनतम में 5 डिग्री से कम का अंतर रह गया है।
दिन का तापमान कहीं-कहीं सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा नीचे आ गया। भोपाल समेत प्रदेशभर में बीते 24 घंटे के दौरान रुक-रुककर तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। दिन में बादल रहने के कारण तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आएगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट आएगी।
ऐसे में इन इलाकों में ठंड की वापसी सोमवार सुबह से हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि सागर और जबलपुर समेत कुछ इलाकों में अभी बारिश जारी रहेगी। सिस्टम के यूपी में सक्रिय होने के साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इससे तीन-चार दिन बारिश हो सकती है।
यहां गरज-चमक के साथ बारिश
रीवा, शहडोल, सागर, जबलपुर, होशंगाबाद, ग्वालियर, भोपाल, चंबल और इंदौर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
यहां तेज बारिश और कोहरा
शहडोल, जबलपुर, रीवा और सागर में कुछ जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। सागर, ग्वालियर, चंबल, भोपाल, रीवा और सतना में कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा रह सकता है। भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में आज कोहरा रहा। दतिया, सागर, दमोह और खजूराहो में कोहरा रहा।
यहां बारिश हुई
प्रदेश के कई इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान जमकर बारिश हुई। बक्सवाहा, बंडा, पवई में 4-4 सेंटीमीटर बारिश हुई। लखनादौन, चन्नौदी, उमरेह, हरई, जुन्नारदेव, हनुमना, मोहखेड़ा, चांद, नारायणगंज, छिंदवाड़ा, सौसर, परसिया, अमरवोड़ा, बरेली, प्रभातपट्टन, खिरकिया, कुरवई, अटनेर, बैतूल, घोड़ाडोंगरी, भैंसदेही और अम्बाह 3-3 सेंटीमीटर तक पानी गिरा।
रात का पारा यहां कम रहे
शहर | तापमान |
नरसिंहपुर | 09.0 |
सतना | 10.0 |
रतलाम | 10.5 |
धार | 11.5 |
चार प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान
शहर | तापमान |
भोपाल | 19.5 |
ग्वालियर | 19.2 |
इंदौर | - |
जबलपुर | 20.0 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.