पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंगलवार को भोपाल में जिला प्रभारी और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसमें तय किया गया कि पार्टी 1 से 28 फरवरी तक 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान चलाएगी। इस दौरान पूर्व मंत्री से लेकर विधायक व पार्टी पदाधिकारी घर-घर दस्तक देकर नए सदस्य बनाएगी। इसके तहत ब्लाॅक स्तर तक जनता से सीधा संवाद और संपर्क स्थापित किया जाएगा।
बैठक में कमलनाथ ने सभी जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों को मार्च 2022 तक सदस्यता का लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने नेताओं को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि मैं हर तीन माह में सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों का सर्वे कराता हूं। सबकी रिपोर्ट मेरी जेब में रहती है। हमारे विधायकों की क्या स्थिति है, यह भी मुझे पता है। उन्होंने कहा कि विधायकों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा। इसके लिए सर्वे कराया जाएगा। जमीन में रहकर काम करें। विधानसभा चुनाव में शेष बचे हैं।
अब मैदान में उतरने का समय है। आज की राजनीति में बुनियादी परिवर्तन आ चुका है। आज की राजनीति स्थानीय हो चुकी है। भीड़ भरी रैली, सभाओं का दौर अब जा चुका है। अब जनता से सीधे संपर्क और संवाद रखने वाला नेता ही टिक पाएगा। हमें इस सच्चाई को समझना होगा। बगैर मजबूत संगठन के हम चुनाव नहीं जीत सकते हैं।
अभियान के दौरान ऐसे मुद्दों की तलाशे जाएंगे, जो जनता से जुड़े हों। इसमें भाजपा सरकार की असफलताओं को उजागर किया जाएगा। साथ ही, इसके जरिए सदस्यता अभियान को भी गति दी जाएगी। इस दौरान पार्टी के सांगठनिक ढांचे को मजबूत करने को लेकर मंथन भी हुआ।
उन्होंने कहा कि हमें अपने मंडलम, सेक्टर और बूथ इकाइयों को मजबूत बनाना होगा। प्रदेश के उपचुनावों में हमारी जीत का कारण हमारा संगठन ही है। सदस्यता अभियान में भी तेजी लाना होगी। मतदाता सूची के पुनरीक्षण का भी काम चला रहा है, इस पर भी ध्यान देना होगा। नए मतदाताओं को जोड़ना होगा, जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, उन्हें भी जोड़ने की दिशा पर ध्यान देना होगा।
समन्यवय समिति गठित होगी
कमलनाथ ने बताया कि प्रदेशभर के सभी जिलों में कांग्रेस जिला समन्वय समिति का गठन करेगी। समय-समय पर प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित होंगे। बैठक में 'घर चलो-घर-घर चलो' अभियान के प्रभारी, विधायक रवि जोशी ने इस अभियान के बारे में सभी को विस्तृत जानकारी दी। पूर्व मंत्री बाला बच्चन ने बाल कांग्रेस द्वारा आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने आगामी समय में प्रदेश में होने वाले आंदोलन, कार्यक्रमों की रूपरेखा सभी को बताई। बैठक में जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों ने भी अपनी बात रखी। बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा, तरुण भनोट,राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अर्चना जायसवाल व सेवादल मुख्य संगठक रजनीश सिंह मौजूद रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.