पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमध्यप्रदेश में बारिश और ओलों के बाद ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। सीजन में पहली बार इंदौर में रात का पारा भोपाल से नीचे आ गया। मंगलवार को सिवनी के 150 से ज्यादा गांवों में जमकर ओले बरसे। हालत ये हो गई कि खेतों और सड़कों पर ओलों की सफेद चादर सी बिछ गई। मध्यप्रदेश में मंगलवार को सबसे ठंडे इंदौर, धार, उज्जैन, सागर, विदिशा, अशोकनगर और भोपाल रहे। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का तापमान 20 डिग्री के नीचे आ गया। रात में भी पारा कई जगह पर 10 डिग्री के नीचे चला गया। कई जगह अति शीतलहर दिन में चली। रात में भी ठिठुरन बढ़ गई।
भोपाल में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इंदौर में यह 8 डिग्री पर दर्ज हुआ। प्रदेश के कई इलाकों में सुबह हल्की बूंदाबांदी और धुंध रही। अगले कुछ घंटे में रीवा, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, अमरकंटक, डिंडोरी, सिवनी, बालाघाट और मंडला में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
सिवनी में ओलों ने बढ़ाई मुसीबत
जिले में मंगलवार शाम भारी ओलावृष्टि ने तबाही मचाई। तेज आंधी व बारिश के साथ करीब 10 मिनट तक हुई ओलावृष्टि से खेतों, सड़कों, लोगों के घरों की छतों में बर्फ की चादर बिछ गई। भोमा, पलारी, कान्हीवाड़ा, केवलारी, कुरई सहित 150 से ज्यादा गांवों में ओले गिरे।
यह सिस्टम बना है
वर्तमान में जम्मू के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आने वाली हवाएं) एक चक्रवातीय गतिविधियों के रूप में ट्रफ बनी हुई है। इसके कारण हरियाणा के ऊपर चक्रवातीय गतिविधियां अभी भी सक्रिय हैं। इससे होकर एक अन्य ट्रफ लाइन दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश तक गुजर रही हैं। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और कोंकण में एक ट्रफ के साथ अन्य चक्रवातीय गतिविधियां भी सक्रिय हैं। इसी कारण बुंदेलखंड और बघेलखंड के हिस्सों में अभी भी बारिश की हो रही है।
बादल हटते ही यहां ठंड का जोर
बादलों के हटते ही भोपाल, धार, गुना, ग्वालियर, इंदौर, खरगोन, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, सागर और सिवनी में ठंड ने ज्यादा जोर पकड़ा है। यहां रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।
यहां रातें ज्यादा ठंडी नहीं
प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकोशल में बादल और हल्की बारिश हो रही है। इस कारण यहां रात के पारे में ज्यादा गिरावट नहीं आई है। छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया, बैतूल, होशंगाबाद और पचमढ़ी में पारा 11 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।
रात का पारा यहां नीचे आया
शहर | तापमान |
रतलाम | 7.2 |
धार | 7.8 |
शाजापुर | 7.9 |
गुना | 8.0 |
प्रदेश के चार प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
शहर | तापमान |
ग्वालियर | 08.0 |
इंदौर | 08.1 |
भोपाल | 09.0 |
जबलपुर | 14.5 |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.