पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंलोहरदगा जिले के शहरी क्षेत्र के अजय उद्यान के समीप स्थित सोनी अलंकार नाम सर्राफ प्रतिष्ठान से एक महिला ने सोने के कई जेवरात बड़ी चालाकी से उड़ा लिए। घटना के कई दिन बाद सर्राफा व्यवसायी को दुकान के जेवरात गायब होने की जानकारी हुई। इसके बारे में उस महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कहा जा रहा है कि पुलिस को महिला के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य भी मिले हैं। हालांकि पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। कहा जा रहा है कि विगत 17 जून 2022 को एक महिला सोनी अलंकार नामक प्रतिष्ठान में पहुंचती है। उस महिला ने अपने घर का पता राजा बंगला बताया। उसने कहा कि उसके घर में शादी है। उसके लिए उसे जेवरात पसंद करनी है।
महिला ने दुकानदार से जेवरात देखने के दौरान बड़ी चालाकी से एक पीस सोने की नथिया, एक जोड़ी सोने की बाली, एक सोने की अंगूठी और एक भगवान का लॉकेट चोरी कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके बाद महिला अपना दूसरा मोबाइल घर से लाने की बात कह कर चली गई।
दो-तीन दिन बाद दूसरे ग्राहक को सोने के जेवरात दिखाने के लिए जेवरात को निकाला गया। मिलान करने पर उसमें कई जेवरात गायब पाए गए। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी की घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज होने के बाद अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। महिला की पहचान को लेकर प्रयास किया जा रहा है। कहा यह भी जा रहा है कि यह महिला शहर के अलग-अलग सर्राफा दुकानों में घूम कर इसी प्रकार से सर्राफा व्यवसायियों को चूना लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.