पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंराष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, उप विकास आयुक्त अनिलसन लकड़ा, अपर समाहर्ता सुरेन्द्र कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
पुलिस अधीक्षक ने नए जुड़े मतदाताओं को 13वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी सबसे बड़े लोकतंत्र का हिस्सा हैं। लोकतंत्र सभी के सामूहिक भागीदारी जरूरी है। यहां एक एक व्यक्ति का वोट का महत्व है यही लोकतंत्र की सुंदरता है। उन्होंने सभी से आने वाले सभी निर्वाचनों में अपना मत देने हेतु अपील किया।
एसपी ने सभी को दिलाई मतदाता प्रतिज्ञा की शपथ
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं नए मतदाताओं को मतदाता प्रतिज्ञा कि शपथ दिलाई कि हम सभी लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
लोकतंत्र में सभी की भागीदारी समान है: डीडीसी
उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस के माध्यम से लोगों में उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाती है। लोकतंत्र में सभी की भागीदारी समान रूप से है। वहीं उन्होंने बताया कि जामताड़ा जिला में मतदाता सूची में सुधार एवं आधार प्रमाणीकरण की दिशा में उत्कृष्ट कार्य हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त को पुरस्कार हेतु चयनित किया गया।
यह आप सभी लोगों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। आयोजित कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 08 नाला एवं 09 जामताड़ा, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ एवं कंप्यूटर ऑपरेटर आदि को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं कई नए मतदाताओं को इपिक कार्ड भी इस मौके पर दिया गया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन
कार्यक्रम के दौरान ही जेबीसी प्लस टू विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा वाद-विवाद प्रतियोगिता में निर्वाचन, ईवीएम जैसे विषयों पर वाद विवाद किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कई छात्र छात्राओं के द्वारा पेंटिंग भी प्रदर्शन हेतु लगाया गया। वहीं इससे पूर्व प्रातः में अनुमंडल सदर अस्पताल चौक जामताड़ा से मुख्य बाजार होते हुए गांधी मैदान जामताड़ा तक उप निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री आकांक्षा कुमारी के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता हेतु पैदल मार्च का आयोजन किया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.