पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

CM सुक्खू पर जयराम ठाकुर का पलटवार:बोले- पहले अपने अंदर झांके, 2 महीने में संस्थानों पर ताले लगाए, 1500 करोड़ लोन लिया

शिमला2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल पेश किए गए वार्षिक बजट का भाजपा आज से अगले 10 दिन तक प्रचार-प्रसार करेगी। इस दौरान भाजपा नेता लोगों को आसान शब्दों में केंद्रीय बजट की खूबियां बताएंगे। इसकी शुरुआत नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से की। नेता प्रतिपक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके लोगों को आसान शब्दों में बजट की घोषणा समझाईं। इस दौरान उन्होंने CM सुक्खू की बजट पर प्रतिक्रिया का जवाब भी दिया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार पर लोन लेने का आरोप लगाने वाली सुक्खू सरकार को पहले अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए। 2 महीने के कार्यकाल में 1500 करोड़ रुपए का लोन लेना और संस्थानों में ताले लगाने का काम किया गया है। भाजपा सरकार में कोरोना काल के बावजूद अपनी तय लिमिट से कम लोन लिया है, जबकि नई सुक्खू सरकार ने पहला काम लोन की लिमिट को बढ़ाकर 6% कर दिया।

बजट को हर वर्ग का बजट बताया
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा कल पेश किए गए केंद्रीय बजट को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराहा। उन्होंने कहा है कि इस बजट में सरकार ने मुफ्त की घोषणाएं नहीं की हैं। बजट हर वर्ग की मदद करने वाला और हर वर्ग को मजबूती देने वाला बजट है। अमृत काल में केंद्र सरकार का यह पहला बजट है। इसे हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। बजट के माध्यम से गांव, गरीब, किसान, कर्मचारी, हर वर्ग के लिए मदद के रास्ते तलाशे गए हैं। आने वाले समय में इन वर्गों को आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा।

जयराम ने कहा कि इस बजट का फोकस इज ऑफ लिविंग के रास्ते को मजबूत करेगा। बजट में 7 प्राथमिकताओं का समावेश किया गया है। महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ कनेक्टिविटी पर फोकस किया गया है, जिसमें हिमाचल में भी रेल और मंडी के नागचला में बनने वाले नए एयरपोर्ट के लिए मदद मिलेगी। ड्रोन टेक्नोलॉजी और हिमाचल के 5 मेडिकल कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग कि पढ़ाई शुरू होने करने बात कही। बजट में टैक्स स्लैब की घोषणा को भी उन्होंने कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की बात बताई।

हिमाचल BJP ने बजट प्रचार के लिए बनाई टीम
भाजपा ने प्रदेश के 3 विधायकों और एक पूर्व मंत्री की एक टीम बनाकर उन्हें 8 बिंदुओं पर केंद्रीय बजट के प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी दी है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशानुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जिन 3 विधायकों और एक पूर्व मंत्री की ड्यूटी तय की है, उसमें विपिन सिंह परमार, डॉ राजीव बिंदल, रणधीर शर्मा और पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर का नाम शामिल है। विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विपिन सिंह परमार इस टीम के संयोजक बनाए गए हैं, जबकि 3 अन्य नेता सह संयोजक बनाए गए हैं।

2 से 12 फरवरी तक बजट के प्रचार-प्रसार पर होगा काम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इन नेताओं को 2 से 12 फरवरी तक बजट के प्रचार-प्रसार पर काम करने को कहा है। इस संदर्भ में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने एक पत्र भी जारी किया है, जिसमें उन 8 बिंदुओं का जिक्र किया गया है, जिन पर उनको काम करना होगा। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए सुरेश कश्यप ने केंद्रीय योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही है। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि वह दिए गए काम को गंभीरता से करें। अध्यक्ष ने सभी कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट समय-समय पर प्रदेश कार्यालय भेजने को भी कहा है।

इन 8 बिंदुओं पर बजट का प्रचार प्रसार होगा फोकस
- केंद्रीय बजट के महत्वपूर्ण विषयों और इसके दूरगामी प्रभावों को सरल शब्दों में लोगों के बीच ले जाना होगा।

- गरीब कल्याण और गतिशील भारत के संदेश को प्रोफेशनल प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों और आमजन तक कॉन्फ्रेंस, सम्मेलन आदि के माध्यम से पहुंचाया जाएगा।

- जिला व मंडल स्तर पर बजट के प्रचार प्रसार के लिए 3 सदस्य टीम का गठन किया जाएगा।

- केंद्रीय मंत्री राष्ट्रीय पदाधिकारी प्रमुख शहरों में प्रवास पर आएंगे। इनके कार्यक्रम प्रभावशाली संगठनों, प्रोफेशनल इंस्टीट्यूट्स और विश्वविद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे।

- प्रदेश पदाधिकारी और चुने गए जनप्रतिनिधि मंडल स्तर पर विद्यालयों में जाकर चर्चा कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

- प्रोफेशनल्स, महिला, युवा आदि का टाउन हॉल में सम्मेलन किया जाएगा, विभिन्न वर्गों के अनुसार किसान, व्यापारी, बुद्धिजीवी की मीटिंग और चर्चा करवाई जाएगी।

- सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राफिक, इंफोग्राफिक्स तैयार किए जाएंगे और वीडियो बनाकर बजट का प्रचार प्रसार किया जाएगा।

- जिला और मंडल स्तर पर 'नो यूअर बजट' प्रतियोगिता करवाई जाएगी। पार्टी अध्यक्ष ने नेताओं को इन सब की व्यवस्था और तैयारी करने को कहा है।