पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हिमाचल में कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो कैंपेन:PCC प्रधान प्रतिभा सिंह ने पूर्व CM जयराम के गढ़ से की शुरुआत, जोगिंद्रनगर में गूंजे नारे

पधर/जोगिंद्रनगर2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

भारत जोड़ो यात्रा के बाद हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा मंडी के जोगिंद्रनगर से कांग्रेस की हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की शुरुआत की गई। होटल उहल से चलकर यह यात्रा ढेलू गांव तक गई। इस दौरान कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रानी साहिबा तुम आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं के नारे भी लगाए।

कांग्रेस सांसद व प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार को 8 वर्ष सत्ता में हो गए हैं, लेकिन इन 8 सालों में इस सरकार ने लोकतांत्रिक संस्थाओं का गला घोंटने का काम किया है। आज संसद में विपक्ष को बोलने नहीं दिया जाता है। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।

इसी बात को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की, जो 7 सितंबर से शुरू होकर 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त होगी। दूसरे चरण में कांग्रेस अब हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा का शुभारंभ जोगिंद्रनगर से कर रही है। इस यात्रा का समापन 2 माह बाद किया जाएगा।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करते हुए प्रतिभा सिंह और कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करते हुए प्रतिभा सिंह और कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता।

देश की सत्ता में परिवर्तन आएगा
इस बीच यह यात्रा बूथ लेवल तक जाएगी। लोगों को जागरूक करेगी तथा देश की सत्ता में परिवर्तन आएगा। आज सरकार के विरुद्ध जो आवाज उठाता है, उसके पीछे सरकारी एजेंसियां लगा दी जाती हैं। देश का पेट पालने वाले किसान को 1 साल तक सड़कों पर धरना देने को विवश किया गया। आज किसान, बागवान परेशान है। सरकार ने दूध, दही, स्टेशनरी पर GST लगा दिया है।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के विकास का श्रेय कांग्रेस को दिया। कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने प्रदेश के विकास में चार चांद लगाए। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रदेश हित में लिए गए निर्णयों की सराहना की। कहा कि 4 सालों में प्रदेश को अपने पांव पर खड़ा करेंगे।

देश के लोकतंत्र को खतरा
प्रदेश यात्रा के प्रभारी राजस्थान के सांसद धर्मवीर मीणा ने कहा कि मोदी हिटलर की तरह शासन कर रहे है। जिससे देश के लोकतंत्र को खतरा पैदा हो गया है। लेकिन राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा से देश को एक संदेश गया है। लोग कांग्रेस को सत्ता में लाने का मूड बना चुके है। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने से कांग्रेस और मजबूत हुई है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी संजय दत्त सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

जयराम के गढ़ में सेंध
कांग्रेस ने सोची-समझी रणनीति के तहत जयराम के गढ़ में सेंध लगाने के लिए अपने मंडी के सुंदरनगर से इस अभियान को शुरू करने का निर्णय लिया है, क्योंकि मंडी जिले में कांग्रेस 10 में से 9 सीटें हार गई है।प्रतिभा सिंह ने बताया कि 26 जनवरी से 26 मार्च तक कांग्रेस का प्रत्येक नेता व कार्यकर्ता लोगों के घर-घर जाकर राहुल गांधी का संदेश देगा। जिस तरह राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से नफरत को दूर भगा रहे हैं, ठीक इसी तरह हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान कांग्रेस प्रदेशवासियों में अलख जाएगी।

इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता ब्लॉक, पंचायत व बूथ स्तर पर जाकर राहुल गांधी के संदेश को आम जनता तक पहुंचाएंगे। इसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित तमाम कैबिनेट मंत्री भी अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में जनता से संपर्क साधेंगे।

चार्जशीट को जनता तक ले जाएगी कांग्रेस
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान कांग्रेस हाईकमान द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ तैयार की गई चार्जशीट को भी लोगों के बीच बांटा जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि मोदी सरकार किस तरह महंगाई, बेरोजगारी को कम करने में नाकाम रही है। सरकारी उपक्रमों को एक-एक कर अपने पूंजीपति मित्रों के हवाले किया जा रहा है। कांग्रेस ने 70 साल में जो संपत्तियां बनाई मोदी सरकार उन्हें एक-एक कर बेच रही है।

यात्रा के आएंगे ऐतिहासिक परिणाम
प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस यात्रा के ऐतिहासिक परिणाम सामने आएंगे। यह यात्रा कांग्रेस के लिए संजीवनी का काम करेगी। देश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लोगों का भारी समर्थन मिला है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा का समापन 30 जनवरी को श्रीनगर में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होगा।

सभी नेताओं और पदाधिकारियों की ड्यूटी तय
इस अभियान के सफल आयोजन के लिए पार्टी के सभी नेताओं की ड्यूटी तय की है। पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ समन्वय स्थापित करने को बोला गया है।

प्रतीकात्मक फोटो।
प्रतीकात्मक फोटो।

2 माह तक चलेगा अभियान
द्रंग ब्लॉक कांग्रेस ने 'हाथ से हाथ जोड़ो' कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बामन देव ठाकुर ने कहा कि ब्लॉक कार्यकारिणी के साथ-साथ सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी और पंचायत कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के बाद पंचायतों में यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश में कांग्रेस का यह अभियान 2 माह तक चलेगा।