पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहरियाणा के करनाल शहर में आए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चौकीदार कहते हुए भ्रष्टाचार करवाने का आरोप लगाया। इसका कारण उन्होंने करनाल के भ्रष्टाचार अधिकारियों का पकड़े जाना, फरीदाबाद के नगर निगम में बिना काम पेमेंट होना बताया।
रोहतक के 350 करोड़ रुपए के घोटाले काे भी वजह बताया। साथ ही HPSC की भर्ती में 5 करोड़ रुपए सीएम कार्यालय में जाने की चैट को विधानसभा में पहुंचने को भी वजह बताया। निजी होटल में आयोजित देर रात तक चले एक कार्यक्रम में जिले के काफी संख्या में कार्यकर्ताओं को आप में शामिल करवाते हुए 29 मई की कुरुक्षेत्र रैली का न्यौता भी उन्होंने दिया।
सुशील गुप्ता ने बताया कि रविवार को करनाल जिले में कई नए कार्यकर्ताओं की जॉइनिंग हुई है। 29 मई को अब बदलेगा हरियाणा रैली को करने के लिए दिल्ली सीएम और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल आ रहे हैं। हरियाणा में कैसे बेरोजगारी दूर हो, किसान की हालत कैसे सुधरे, अच्छे स्कूल, अच्छे अस्पताल कैसे बनें, इन सब बातों की चर्चा होगी।
सवाल : हरियाणा के लोग आम आदमी पार्टी को क्यों चुनें?
सांसद : सभी पार्टियां बात करती हैं और हम भी करते हैं। हमने दिल्ली के स्कूल दुनिया के बेहतरीन स्कूल बनाए। अमेरिका के राष्ट्रपति ने आकर स्कूलों की तारिफ की। दिल्ली के अस्पताल बेहतरीन बनाए, जिसकी यूनाइटेड नेशन्स के सेक्रेटरी जनरल ने तारीफ की। हमने रोजगार पोर्टल बनाए, ई-बाजार शुरू किया। रोजगार बजट निकाला, ताकि 20 लाख रोजगार पैदा किए जा सके।
सवाल : हरियाणा में आप का स्थान कहां देख रहे हो?
सांसद : आज की तारीख में विपक्ष का रोल आम आदमी पार्टी की सरकार निभा रही है। ढाई साल बाद चुनाव में रिकॉर्ड तोड़ेगी। आज 90 में से 85 सीटों की बात होने लगी है। जिस गांव में जाते हैं, पूरा गांव हाथ उठाकर समर्थन कर दे रहा है। पूरी कॉलोनी आप जॉइन कर रही है। अन्य पार्टियां छोड़कर लोग आप में आ रहे हैं।
सवाल : भाजपा भ्रष्टाचार खत्म करने के मुद्दे पर सत्ता में आई थी?
सांसद : खेत को बाढ़ खाने लग गई। घर में चौकीदार चोरी करने लग गया। सबसे बड़ा चौकीदार इस प्रदेश का मुख्यमंत्री है। हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन की भर्ती की विधानसभा में चैट जाती है कि 5 करोड़ रुपए मुख्यमंत्री कार्यालय में गए। करनाल में अफसरों पर रेड पड़ती है तो कहते हैं कि ऊपर पैसा देना पड़ता है। फरीदाबाद में 200 रुपए का काम हुआ ही नहीं, भाजपा की नगर निगम ने पेमेंट भी कर दी। रोहतक में 350 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ, भाजपा का सांसद पूछता है कि बता दो पैसा कहां गया है।
सवाल : भ्रष्टाचार तो अधिकारी स्तर पर हो रहा है?
सांसद : कोई अफसर भ्रष्टाचार नहीं कर सकता, अगर ऊपर सरकार ठीक हो। अगर सरकार हिस्सा लेने लग जाए तो अफसरों के हौंसले बुलंद होते हैं। जैसे हरियाणा में हो रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.