पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंगौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एसपी इंदिरा कल्याण एलिसेला को पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्हें उनके अतुलनीय कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ शासन के गृह मंत्रालय ने ये सम्मान दिया। पदक को लेकर एलिसेला ने अपनी भावनाएं मीडियाकर्मियों के साथ व्यक्त कीं।
IPS अधिकारी आई कल्याण एलिसेला ने बीजापुर में पुलिस अधीक्षक रहते हुए एंटी नक्सली ऑपरेशनों का सफलतापूर्वक संचालन किया। आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उन्हें सम्मानित किया।
वीरता पदक मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला ने कहा कि एंटी नक्सल ऑपरेशन में सफलता टीम वर्क का परिणाम होती है। इसमें सभी का समर्पण जरूरी होता है। उन्होंने पुलिस वीरता पदक के लिए इसी टीम वर्क को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी 80 से 200 पुलिसकर्मी एंटी नक्सल ऑपरेशन में जाते हैं, जो अपनी जान की परवाह किए बगैर अपनी ड्यूटी निभाते हैं।
प्रदेश के 43 पुलिस अधिकारियों को सम्मान
रायपुर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में सीएम भूपेश बघेल ने 43 पुलिस अधिकारियों को पदक और अलंकरणों से सम्मानित किया। समारोह में भारतीय पुलिस पदक, पुलिस वीरता पदक, पुलिस पदक, सुधारात्मक सेवा पदक, केन्द्रीय गृह मंत्री मेडल और राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए गए।
3 सर्वश्रेष्ठ गौठानों को भी अवॉर्ड
सुराजी गांव योजना के तहत स्थापित किए गए गौठानों में से पूरे प्रदेश में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले 3 गौठानों को भी पुरस्कृत किया गया। दुर्ग जिले के पाटन विकासखण्ड के केसरा, रायपुर जिले के आरंग विकासखण्ड के चटौद और कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा विकासखण्ड के डौण्डे हरनगढ़ गौठान को मुख्यमंत्री बघेल ने पुरस्कृत किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.