पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंमई महीने में कोरोना केसों के बढ़ने के साथ ही अचानक अस्पतालों में कोरोना मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। चंडीगढ़ के तीन प्रमुख सरकारी अस्पतालों में कोरोना के 6 मरीज भर्ती हो गए हैं। इससे पहले सह संख्या 2 और 3 तक चल रही थी। मौजूद समय में पीजीआई के कोविड वार्ड में 2 मरीज भर्ती हैं। जीएमसीएच 32 में 3 और जीएमएसएच-16 में एक मरीज भर्ती है।
गत रविवार को पीजीआई में 3 तथा जीएमएसएच 16 में 1 मरीज भर्ती था। वहीं शनिवार को पीजीआई में 2 तथा जीएमएसएच 16 में 1 मरीज भर्ती था। बीते दिनों में भी बेहद कम संख्या में कोविड मरीज अस्पताल पहुंच रहे थे। फिलहाल शहर में कुल एक्टिव केस 75 हो चुके हैं। इनमें से 69 मरीज घरों में होम क्वारैंटाइन हैं।
सोमवार को आम दिनों के मुकाबले सैंपलिंग कम रही और 4 ही नए केस सामने आए। कुल 580 लोगों के सैंपल लिए गए थे। पॉजिटिविटी रेट 0.69 रहा। वहीं सप्ताह में रोजाना मिलने वाले केसों का औसत 11 है। सप्ताह का पॉजिटिविटी रेट 1.13 प्रतिशत है। सोमवार को कोरोना का एक ही मरीज ठीक हुआ।
महीने पहले से बढ़ने लगे हैं मामले
गौरतलब है कि 19 अप्रैल तक शहर में रोजाना 1 या 2 मामले ही मिल रहे थे। इसके बाद केसों में उछाल आने लगा। 20 मई को 18 केस आए थे। 18 मई को 16 और 14 मई को 18 नए केस मिले थे। 11 मई को एक ही दिन में 22 केस आए थे, जो काफी ज्यादा थे। 5 मई को 16 और 3 मई को 14 नए केस मिल चुके हैं।
बच्चों के वैक्सीनेशन पर फोकस
चंडीगढ़ में 15 से 18 वर्ष के 101.11 प्रतिशत बच्चों को को-वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। 72,802 बच्चों ने पहली डोज ली है। 45,242 को दोनों डोज लग चुकी हैं। चंडीगढ़ प्रशासन का लक्ष्य इस आयु वर्ग में 72 हजार बच्चों को कवर करने का था।
12 से 14 वर्ष के 31,910 बच्चों को पहली तथा 9,483 बच्चों को कोर्बेवैक्स की दोनों डोज लग चुकी हैं। इस आयु वर्ग में 45 हजार बच्चों को वैक्सीन लगनी है। वयस्कों को गत 26 जनवरी को ही प्रशासन 100 फीसदी वैक्सीनेट करने का लक्ष्य हासिल कर चुका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.