पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचंडीगढ़ में पिछले करीब 3 महीने से पड़ रही गर्मी से शहरवासियों को निजात मिल गई है। रविवार रात हुई बारिश का दौर सोमवार को भी रूक-रूक कर चलता रहा। सोमवार रात को भी शहर में अच्छी बारिश हुई, जिससे तापमान में काफी कमी आई है। सोमवार देर शाम तेज धूल भरी आंधी चली थी। इसके कुछ देर बाद रात को बारिश शुरू हो गई। मंगलवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। ऐसे में आज दिन के समय भी तापमान में कमी की संभावना है। रविवार और सोमवार को भी शहर का तापमान सामान्य के मुकाबले 4 डिग्री कम रहा।
मौसम में हुए इस बदलाव के चलते शहरवासी काफी खुश हैं और पर्यटक स्थलों पर लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। सुखना लेक पर कई राज्यों से लोग परिवारों समेत पहुंच रहे हैं और बोटिंग का भी आनंद ले रहे हैं। यहां पर दिल्ली और बिहार जैसी गर्म जगहों से पर्यटक ज्यादा आ रहे हैं। बच्चे भी यहां पर खूब मजा कर रहे हैं। इसके अलावा रॉक गार्डन, बर्ड पार्क, रोज गार्डन जैसे पर्यटक स्थलों पर भी लोगों की भीड़ जुट रही है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदलाव, मगर गर्मी फिर पड़ेगी
मौसम विभाग ने पहले ही मौसम में होने वाले इस बदलाव का सूचना दे दी थी। चंडीगढ़ समेत पंचकूला और मोहाली में भी दो दिन से मौसम सुहावना बना हुआ है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर मनमोहन सिंह का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। हालांकि आगे एक बार फिर से लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। जून के अंतिम सप्ताह में शहर में मानसून दस्तक दे सकता है। ऐसे में लगभग एक और महीना गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा।
2013 के बाद मई में इतनी गर्मी
मई के महीने में शहर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक जा पहुंचा है। आने वाले दिनों में इसमें और वृद्धि होने की संभावना है। गत 14 मई को शहर में सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड किया गया था। यह 43.6 डिग्री सेल्सियस था। इससे पहले 24 मई 2013 को शहर का तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे पहले अप्रैल के महीने में भी तापमान में काफी वृद्धि हुई थी। अप्रैल के अंतिम दिन दिनों में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रहा था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.