पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पंजाब पुलिस के कॉन्स्टेबल पर चलेगा केस:चंडीगढ़ में युवक की हत्या करने वाले आरोपियों को दी थी पनाह

चंडीगढ़6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 17/22 की डिवाइडिंग रोड पर 20 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े चाकू से गोद कर हत्या के मामले में कोर्ट में 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। इनमें पंजाब पुलिस का कॉन्स्टेबल दिलावर भी शामिल है। उस पर हमलावरों को पनाह देने का आरोप है। दिलावर को चंडीगढ़ पुलिस ने 23 अगस्त की रात को काबू किया था। बनूड़ (पंजाब) का रहने वाला दिलावर एक सामाजिक संस्था के कर्मी के साथ पटियाला में सिक्योरिटी में तैनात था। पुलिस ने मामले में कुल 10 गवाह अपनी चार्जशीट में रखे हैं।

घटना के बाद मृतक के परिवार और रिश्तेदारों एवं दोस्तों ने सेक्टर 17 थाने के बाहर प्रदर्शन भी किया था। शुरुआत में चाकू मारने वालों में दिलावर को मुख्य आरोपी बता उसकी गिरफ्तारी की मांग की गई थी। हालांकि जांच के दौरान उसकी मौके पर मौजूदगी साबित नहीं हुई थी। सुबह तड़के हुई इस वारदात में राम दरबार के सागर की मौत हो गई थी और उसके दोस्त भी घायल हुए थे। सागर इंडस्ट्रियल एरिया, चंडीगढ़ में जॉब करता था। सागर अपने तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके एक भाई की मौत पहले ही हो चुकी है। अब परिवार में एक भाई और बहन ही बची है।

पंजाब पुलिस का कॉन्स्टेबल दिलावर मामले में आरोप है।
पंजाब पुलिस का कॉन्स्टेबल दिलावर मामले में आरोप है।

एक आरोपी IELTS कर अमेरिका जाना चाहता था
आरोपियों में हल्लोमाजरा का मोनू जयसवाल, उसका भाई सोनू जयसवाल, क्षीतिज उर्फ चैरी, राम दरबार का सूरज अंबू, कमल सिंह, करण पंवार और दिलावर शामिल हैं। इनके खिलाफ IPC की धारा 324 (खतरनाक हथियारों से जानबूझकर घायल करना), 307 (हत्या के प्रयास), 34 (सांझी सोच), 302 (हत्या) तथा 212(आरोपी को पनाह देना) के तहत केस दर्ज किया गया। मोनू 12वीं पास है और IELTS करके अमेरिका जाने की तैयारी में था। उसके पिता किरयाना की शॉप चलाते हैं। भाई सोनू भी 12वीं पास है और कैब चलाता है। श्रीतिज के पिता दक्षिण अफ्रीका में रहते हैं और भारत आए हुए थे। सूरज 10वीं पास है और अमेजन में कूरियर ब्वॉय है। उसके पिता की मौत हो चुकी है।

सागर के दोस्तों पर भी चाकू और डंडों से हमला हुआ था।
सागर के दोस्तों पर भी चाकू और डंडों से हमला हुआ था।

बर्थ डे मना कर चाय पीने जा रहे थे
संबंधित घटना सेक्टर 22 के होटल जलंधर के सामने सुबह 21 अगस्त लगभग 6 बजे हुई थी। मृतक सागर और उसके दोस्तों ने फैदां गांव में 20 अगस्त की रात को नितिन का बर्थ डे मनाया था। जिसके बाद सुबह सेक्टर 22 में वह चाय पीने के लिए जा रहे थे। कार में सागर, विशाल, नितिश, पंकज और जतिन भी थे। लगभग 5:45 बजे वह सेक्टर 17 के ISBT चौक से सेक्टर 16/17 के स्टेडियम चौक की तरफ अपनी हुंडाई कार में जा रहे थे।

पैदल जा रहे व्यक्ति को मारी थी टक्कर
जैसे ही वह सेक्टर 17 होटल जलंधर के पास पहुंचे, अंदर पार्किंग से गलत दिशा से एक वैगनआर कार बाहर निकली। उसने एक पैदल व्यक्ति को हल्की टक्कर मार दी। जिस पर सागर और उसके दोस्तों ने वैगनआर कार चालक को कुछ कहा। इस पर दोनों गाड़ियों में सवार युवकों में बहस हो गई। बहस ने भयंकर लड़ाई का रूप ले लिया। आरोप के मुताबिक वैगरआर कार में सवार युवकों ने सागर और उसके दोस्तों पर तेजधार हथियारों और डंडों से हमला किया।

पुलिस ने मामले की शुरुआत में 4 आरोपी पकड़े थे।
पुलिस ने मामले की शुरुआत में 4 आरोपी पकड़े थे।

हमला कर आरोपी हो गए थे फरार
सागर के ऊपर आरोपियों ने पीठ और छाती पर चाकू मारे तथा नितिश की कलाई पर चाकू लगा। वहीं विशाल के हाथ में डंडे से हुए हमले से फ्रैक्चर आ गया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। सागर को गंभीर हालत में उसके दोस्त सेक्टर 16 गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गए जहां उसकी हालत देख PGI रेफर किया गया। यहां उसकी मौत हो गई थी। सेक्टर 17 थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने रेड कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली थी।