पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंचंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने लॉरेंस और संपत नेहरा गैंग के मेंबर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि वह गैंग के साथ जुड़ा हुआ था और उसके खिलाफ पहले भी 3 आपराधिक केस दर्ज हैं।
आरोपी की पहचान मोहाली जिले के बलौंगी निवासी अमनदीप जोशी उर्फ राजबीर जोशी (31) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मलोया पुलिस थाने में नार्कोटिक्स ड्रग एंड साइकोट्रोपिक सबस्टांसिज़ (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एक दिन का पुलिस रिमांड भी लिया गया है।
ऑपरेशन सेल के मुताबिक, मलोया में तोगां गांव के टर्न के पास पुलिस ने नाका लगा रखा था। इसी दौरान उसे पकड़ा गया। उसके कब्जे से पुलिस ने 123 ग्राम हेरोइन बरामद की। ऑपरेशन सेल ने बताया कि अमनदीप के खिलाफ पहले भी 3 आपराधिक केस दर्ज हैं।
इनमें से एक केस बलौंगी पुलिस थाने में वर्ष 2013 में दर्ज हुआ था। दूसरा केस वर्ष 2014 में पंचकूला में और तीसरा केस वर्ष 2015 में बलौंगी थाने में दर्ज हुआ था। खरड़ कोर्ट से वह एक केस में भगौड़ा भी है। वह 12वीं पास है और कैटरिंग का काम करता था।
कस्टडी में अपराधियों को कपड़े-खाने देता था
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि अमनदीप लॉरेंस के गैंग के लिए काम करता था और जब भी उसे कहा जाता था तो वह पुलिस कस्टडी में अपराधियों को कपड़े और खाने की चीजें उपलब्ध करवाता था। पुलिस पूछताछ में उसने कबूला कि वह अभी भी अपने गैंग सदस्यों के टच में हैं, जो विभिन्न जेलों में बंद है। जब खरड़ में गैंगस्टर रविंदर सिंह उर्फ काली को पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी तो अमनदीप ने उसे कपड़े दिए थे।
कौन है लॉरेंस बिश्नोई
लॉरेंस (30) का जन्म पंजाब के फिरोजपुर जिले के अबोहर में हुआ था। उसका गैंग उत्तर भारत में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या, फिरौती जैसे 25 से ज्यादा संगीन केस दर्ज हैं। इनमें गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का केस भी शामिल है। एक जानकारी के मुताबिक, उसके गैंग में 700 के लगभग शूटर हैं। वह मौजूदा समय में दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैद है।
लॉरेंस के पिता हरियाणा पुलिस में कांस्टेबल थे। वर्ष 2010 में लारेंस DAV कॉलेज, चंडीगढ़ आ गया था। वर्ष 2011 में वह गोल्डी बराड़(गैंगस्टर) के संपर्क में आया और उसके बाद स्टूडेंट राजनीति और फिर अपराध की दुनिया में आ गया। चंडीगढ़ में उसके खिलाफ वर्ष 2010 से 2012 तक हत्या के प्रयास, ट्रैसपासिंग, हमले और रॉबरी के कई केस दर्ज हुए। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ में दर्ज 7 केसों में से 4 में वह बरी हो चुका है और 3 पेंडिंग हैं।
कौन है संपत नेहरा
गैंगस्टर संपत नेहरा (32) पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ में सक्रिय है। वह मूलरूप से राजस्थान से है और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस का साथी है। उस पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। एक्टर सलमान खान की रेकी करने पर वह चर्चा में आया था। लॉरेंस ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी।
संपत पर हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, लूट और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के केस दर्ज हैं। उसे 6 जून 2018 को हैदराबाद से गिरफ्तार किया गया था। विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ करीब 50 केस दर्ज हैं। राजस्थान में स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद वह चंडीगढ़ DAV कॉलेज, सेक्टर-10 में आया था। यहां उसका फ्रेंड सर्कल कुछ ऐसा रहा कि वह अपराध की दुनिया में चला गया। संपत के पिता ASI थे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.