पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरोहतास में रविवार रात एक पॉलिटेक्निक स्टूडेंट की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। घटना डिहरी नगर थाना क्षेत्र के डिलिया गांव के पास की है। हत्यारों ने एक 18 वर्षीय युवक को चाकू से शरीर के कई हिस्सों पर 17 बार वार कर मार डाला। मृतक की पहचान सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डलिया गांव निवासी मुकेश सिंह के पुत्र प्रिंस कुमार बजरंगी के रूप में की गई है।
प्रिंस मूल रूप से सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जयपुर गांव का रहने वाला था। फिलहाल डलिया के समीप कर्बला रोड स्थित अपने मकान में रहकर पढ़ाई करता था। घटना के बारे में परिजनों ने बताया, 'रविवार को वह अपने गांव स्थित मकान में अकेले था। फोन पर पिता से अभी बात ही हो रही थी, तभी अपराधियों ने प्रिंस पर हमला कर दिया। युवक अपने पिता से फोन पर ही बचाने की गुहार लगाता रहा... बोल रहा था कि पापा कोई हमको मार रहा है, बचा लो...'
शरीर पर चाकू से किए 17 वार
हत्यारों ने प्रिंस के शरीर पर 17 बार चाकू से वार किया है। उसके गला, हाथ, पीठ, और जाँघ सहित शरीर के कई हिस्सों पर वार किया गया है। परिजनों ने बताया, 'पिता मुकेश कुमार सिंह अपने गांव सासाराम मुफस्सिल थानाक्षेत्र जयपुर खेती कराने के लिए गए थे। मां अपने छोटे बेटे को लेकर मायके गई हुई थी। इस कारण प्रिंस उर्फ बजरंगी अपने घर में अकेले था।'
मृतक प्रिंस जेम्स पॉलिटेक्निक की स्कूल में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई किया करता था। पढ़ने के उद्देश्य से ही प्रिंस के पिता मुकेश कुमार सिंह अपने गांव गया से डेहरी में मकान में रह कर यहां पढ़ाई करवाते थे। वहीं घटना के बाद देहरी नगर थाने की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.