पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपिता की इच्छा थी कि बेटा हेलीकॉप्टर से दुल्हन लेने जाए। पिता तो दुनिया में नहीं हैं, लेकिन बेटे ने यह सपना जरूर पूरा किया। पटना के फुलवारी शरीफ में अपनी दुल्हनिया लेने एक दूल्हा हेलिकॉप्टर से पहुंचा। उसे देखने के लिए सैकड़ों लोग उमड़ पड़े। शनिवार को वह हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन को विदा करके ले गया।
दूल्हा और दुल्हन के घर के बीच 15 किलोमीटर की दूरी है। इसके लिए दूल्हे ने 20 लाख रुपए चुकाया। दूल्हा प्रभात कुमार कोलकाता के दत्ता मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर हैं। वह परसा बाजार में परिवार के साथ रहते हैं।
पिता किसान थे
प्रभात कुमार ने बताया कि वह लोग परसा सुमेरी टोला के रहने वाले हैं। उनके पिता रामनंदन सिंह किसान थे। उनका सपना था कि बेटा दुल्हन लेने हेलिकॉप्टर से जाए। शुक्रवार को यह सपना पूरा हो गया। शनिवार को हेलीकॉप्टर से ही दुल्हन को विदा कराकर लाया गया।
दोनों घरों के बीच 15KM की दूरी
परसा सुमेरी टोला और परसा बाजार के बीच की दूरी सिर्फ 15 किलोमीटर है। हेलीकॉप्टर दिल्ली से 20 लाख रुपए तक आया था। शुक्रवार को परसा बाजार से हेलीकॉप्टर उड़कर फुलवारी शरीफ के मित्र मंडल कॉलोनी पहुंची। वहां दूल्हे डॉक्टर प्रभात कुमार अपनी दुल्हन के लिए मित्र मंडल कॉलोनी पहुंचे। शुक्रवार की रात भर शादी समारोह संपन्न होने के बाद शनिवार को डॉ प्रभात कुमार अपनी दुल्हन निधि कुमारी को हेलीकॉप्टर से लेकर परसा बाजार के लिए उड़ान भरे।
इसे देखने के लिए आसपास के सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हुए थे। आसपास के लोगों ने बताया कि पटना में यह एक शायद अपने आपमें पहली और अनोखी शादी है जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने, सात फेरे रचाने हेलीकॉप्टर से परसा बाजार से फुलवारी शरीफ के मित्र मंडल कॉलोनी पहुंचा है।
काफी मशक्कत के बाद बुकिंग
प्रभात कुमार के भाई राजू राज ने बताया कि हेलीकॉप्टर बुकिंग के लिए उन्हें काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। तब जाकर 24 घंटे के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग का आदेश उन्हें मिला। बातचीत के क्रम में उन्होंने बताया कि पैसा बहुत ज्यादा मायने नहीं रखता उनके पिता का यह शौक था कि डॉ. प्रभात कुमार अपनी शादी में दुल्हन को लेने हेलीकॉप्टर से जाएं। अपने पिता के अंतिम इच्छा को पूरी करने के लिए डॉ प्रभात कुमार ने हेलीकॉप्टर बुक कर शादी रचाई और अपनी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से वापस शादी कर ले आए। प्रभात के बड़े भाई संजीव कुमार व्यापारी हैं. उनका अंडा उत्पादन, रियल एस्टेट एवं फार्म हाउस है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.