पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंआर्थिक अपराध शाखा (EOU) की टीम ने वैशाली जिले में लालगंज के थानेदार चंद्रभूषण शुक्ला के ऊपर अपना शिकंजा कस दिया है। इनके 3 ठिकानों पर एक साथ रेड की गई है। EOU की एक टीम लालगंज में है, जो थाने के ऑफिस और वहां के घर को खंगाल रही है। दूसरी टीम छपरा के घर पर मौजूद है। वहीं, तीसरी टीम सीवान जिले के रघुनाथपुर स्थित पुश्तैनी घर पर छापेमारी कर रही है। लालगंज के थानेदार चंद्रभूषण शुक्ला पर शराब माफियाओं से साठगांठ का आरोप है।
EOU के ADG नैयर हसनैन खान के अनुसार थानेदार चंद्रभूषण शुक्ला लगातार शराब का अवैध धंधा करने वालों की मदद कर रहा था। सरकारी पद पर बैठ कर भ्रष्टाचार में लिप्त था। मदद करने के एवज में उसने मोटी कमाई की है। ब्लैक मनी में जरिए बड़े स्तर पर चल-अचल संपत्ति बनाई है। इसके कारनामों की जानकारी पुलिस मुख्यालय तक पहुंची। जिसके बाद मामला EOU को सौंपा गया। फिर अंदरूनी तरीके से थानेदार गतिविधियों की जांच कराई गई। इसमें मामला सही पाया गया।
EOU ने मंगलवार 30 नवंबर को भ्रष्टाचार विरोधी अधिनियम 1988 के तहत थानेदार के खिलाफ FIR दर्ज की। मुजफ्फरपुर स्थित निगरानी कोर्ट से इनके ठिकानों पर छापेमारी करने के लिए सर्च वारंट हासिल किया और आज कार्रवाई शुरू भी हो गई। देर शाम तक इस मामले में बड़ा अपडेट होने वाला है। सूत्र बताते हैं कि लालगंज के थानेदार पर काफी दिनों से नजर रखी जा रही थी। क्योंकि, मुख्यालय में बैठे अधिकारियों के पास लगातार शिकायत मिल रही थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.