पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंअमेरिकी और ब्रिटिश खुफिया एजेंसियों ने यूक्रेन को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है। खुफिया रिपोर्ट में दावा किया है कि रूसी साइबर लड़ाके यानी हैकर्स यूक्रेन में घुस गए हैं। अपने हमलों की पहली कड़ी के रूप में इन लड़ाकों ने शुक्रवार को यूक्रेन की लगभग एक दर्जन वेबसाइट्स को हैक कर लिया था। पेंटागन के प्रवक्ता जॉन किरबी का कहना है कि ये लड़ाके रूसी राष्ट्रपति पुतिन के आदेशों के इंतजार में हैं।
रिपोर्ट के अनुसार इन्हें यूक्रेन के 70 ठिकानों की लिस्ट दी गई है। रूस 2017 में भी यूक्रेन के अहम साइबर ठिकानों पर हमला कर चुका है। उधर, ब्रिटेन के हाउस ऑफ कामंस की डिफेंस कमेटी के चेयरमैन टोबाइस एलवुड ने ब्रिटिश खुफिया रिपोर्ट के हवाले से कहा है कि यूक्रेन पर रूसी हमला बस चंद दिनों की दूरी पर है। रूस ने जिनेवा वार्ता विफल होने के बाद यूक्रेन की घेराबंदी को और तेज कर दिया है।
आने वाले समय में रूस पहले छद्म हमले करेगा। इसके द्वारा रूस रणनीति के तहत यूक्रेन को आक्रमण के लिए उकसाने वाला देश करार देकर हमला करेगा। एनवुड का दावा है कि यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र में रूसी समर्थक विद्रोही पहले से माेर्चा संभाले हुए हैं। यूक्रेन के पड़ोसी देशों में तैनात नाटो सेनाएं रूसी तैयारियों के सामने बौनी हैं।
यूक्रेन सीमा पर 12 हजार रूसी टैंक, 330 फाइटर जेट
अमेरिका और ब्रिटेन के सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार यूक्रेन की सीमा पर रूस ने पिछले कई महीनों से घेराबंदी की हुई है। यूक्रेनी सीमा पर रूस के लगभग एक लाख सैनिक, 12 हजार टैंक, 330 फाइटर जेट, 1600 तोपें, 240 हेलीकॉप्टर, 75 शिप और 6 पनडुब्बियां तैनात की गई हैं। रूसी विदेशी मंत्रालय वैसे तो इन्हें आत्मरक्षा के लिए किया गया जमावड़ा बता रहा है, लेकिन सैन्य विशेषज्ञों का कहना है कि ये रूस की यूक्रेन को तीन तरफ से घेरने की रणनीति का हिस्सा है। यूक्रेन पर रूस 2014 में हमला कर क्रीमिया को हड़प चुका है।
रूस ने हमला किया तो यूक्रेन का सहयोग करेंगे: अमेरिका
व्हाइट हाउस की प्रेस प्रवक्ता जेन साकी ने शुक्रवार को कहा, खुफिया रिपोर्ट से साफ है कि रूस ने अपने साइबर लड़ाकों को यूक्रेन के भीतर पहुंचा दिया है। यदि रूस की ओर से हमला किया गया तो अमेरिका यूक्रेन की मदद करेगा। बाइडेन प्रशासन की ओर से पिछले कुछ के बाद ये पहला स्पष्ट बयान आया है। पहले अमेरिका यूक्रेन को प्रत्यक्ष रूप से मदद के बयान से बचता रहा है।
पुतिन यूक्रेन को लेकर करते रहे हैं रूसी राष्ट्रवादी दावा
रूसी राष्ट्रपति पुतिन यूक्रेन, बेलारूस और पोलैंड को लेकर जार के समय के प्राचीन ‘रूस’ के आधार पर राष्ट्रवादी दावा करते हैं। 2014 के यूक्रेन पर हमले से पहले रूस के सरकारी मीडिया ने इसको लेकर प्रचार युद्ध भी छेड़ा था। इस रणनीति में पुतिन काफी हद तक सफल भी रहे थे। यूक्रेन के सरकार विरोधी गुरिल्ला को साथ में लेकर उन्होंने पूर्वी यूक्रेन में रूसी समर्थन हासिल किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.