पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंदुबई में रियल एस्टेट सेक्टर में रिकॉर्ड उछाल का सिलसिला जारी है। 2021 में रियल एस्टेट से जुड़े 84,772 लेन-देन हुए हैं। दुबई भूमि विभाग (डीएलडी) के मुताबिक ये सौदे करीब 6 लाख करोड़ रुपए के रहे हैं। यह 2019 यानी प्री-कोविड स्तर (4.88 लाख करोड़ रु.) की तुलना में 23% ज्यादा हैं। इसके अलावा पिछले साल की तुलना में भी 73.7% अधिक निवेश हुए हैं। कोरोना की मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद इस प्रगति को हासिल करने की क्षेत्र की क्षमता को दर्शाने वाले नतीजे इसकी अग्रणी क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिति को और मजबूत करते हैं।
इन सौदों पर दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने कहा कि दुबई के मजबूत बुनियादी ढांचे ने बाजार की स्थितियों के साथ तालमेल बिठाया है, और सुरक्षित माहौल ने रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश के विश्वास को गहरा किया है। दुबई भूमि विभाग के महानिदेशक सुल्तान बुत्ति बिन मेजरेन बताते हैं,‘दुनियाभर में विषम परिस्थितियों के बावजूद दुबई के रियल एस्टेट ने अपनी क्षमता दिखाई है। आंकड़ों के अनुसार 6,897 निवेशक गल्फ देशों के हैं, जबकि 38,318 विदेशी हैं। इनमें बड़ी संख्या में भारतीय हैं।
खास बात यह है कि महिला कारोबारियों का दुबई के रियल एस्टेट मार्केट में भरोसा लगातार बढ़ रहा है। 2021 में 17,705 महिलाओं ने 77.6 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का 22,165 निवेश किया है। 2020 की तुलना में महिलाओं द्वारा निवेश 72% बढ़े हैं। इतना ही नहीं, 3,171 नए रियल एस्टेट एजेंट ने मार्केट में एंट्री ली, जिससे रजिस्टर्ड एजेंट बढ़कर 8,002 हो गए। दुबई के रियल एस्टेट मार्केट में 2,715 ब्रोकर महिलाएं हैं।
दुबई मरीना में 58 हजार करोड़ के 7,968 सौदे: हाई डिमांड इलाकों की बात करें तो दुबई मरीना क्षेत्र में सर्वाधिक 7,968 डील हुई। यहां 57.8 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा, पाम जुमेराह में 53 हजार करोड़ रुपए और बुर्ज खलीफा में 28.7 हजार करोड़ की डील हुई। इनके अलावा बिजनेस बे, अल थान्याह, अल बरशा साउथ, हदैक शेख मोहम्मद बिन राशिद, वादी अल सफा और पाम जुमेराह डिमांड में रहे।
गैर मुस्लिम शादियों को सिविल मैरिज लाइसेंस जैसे फैसलों ने माहौल बनाया
लग्जरी रियल एस्टेट डेवलपमेंट कंपनी सेंचुरियन ग्रुप के चेयरमैन कैप्टन प्रदीप सिंह बताते हैं,‘लग्जरी प्रॉपर्टीज के चलते दुनियाभर से लोग निवेश के लिए दुबई आ रहे हैं। दुबई ने महामारी से आसानी से पार पा लिया। इससे भी निवेशक आकर्षित हुए हैं। ये लोग भले ही दुबई में न बस रहे हों पर प्रॉपर्टी जरूर रख रहे हैं। गोल्डन वीसा, अंतरराष्ट्रीय वसीयतनामे को मान्यता, गैर मुस्लिम शादियों को सिविल मैरिज लाइसेंस देना, वीकेंड में बदलाव जैसे फैसले भी निवेश आकर्षित कर रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.