- Business News
- Db original
- India Celebrities Leaders Coronavirus Cases; Lata Mangeshkar, Rajnath Singh, JP Nadda To Nitish Kumar, Ashok Gehlot
बड़ी हस्तियां कोरोना की चपेट में:कोरोना को हल्के में मत लीजिए; लता मंगेशकर, रक्षा मंत्री समेत 3 मुख्यमंत्री कोविड पॉजिटिव
देशभर में कोरोना लगातार कहर बरपा रहा है। पिछले 24 घंटे में 1.93 लाख से ज्यादा मरीज मिले हैं। इसे हल्के में मत लीजिए। देश की बड़ी हस्तियां भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो रही हैं। मंगलवार को मशहूर सिंगर और भारत रत्न लता मंगेशकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उनमें हल्के लक्षण हैं, लेकिन उम्र को ध्यान में रखते हुए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, जपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी कोरोना हो गया है। आज हम आपको ऐसे ही कुछ बड़ी हस्तियों के बारे में बता रहे हैं, जो अभी कोविड संक्रमित हैं।
भारत रत्न और स्वर कोकिला लता मंगेशकर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। 92 साल की लताजी को संगीत की दुनिया में 80 साल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 30 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को कोविड पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उनमें कोविड के हल्के लक्षण हैं। उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी फिर कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने मंगलवार को ट्वीट करके लिखा, 'हल्के लक्षणों के साथ आज मैं कोविड पॉजिटिव पाया गया हूं। प्रोटोकॉल के नियमों को पालन करते हुए मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। सोमवार को ट्वीट करने उन्होंने इसकी जानकारी दी।
बिहार सीएमओ में भी कोरोना की एंट्री हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पॉजिटिव पाए गए हैं। CM ने सोमवार को एंटीजन टेस्ट में करवाया था, जिसमें रिपोर्ट निगेटिव निकली, लेकिन RT-PCR टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत फिर से कोविड का शिकार हो गए हैं। उनकी पत्नी और बेटे को भी कोरोना हो गया है। इससे पहले दूसरी लहर के दौरान भी गहलोत पॉजिटिव हो गए थे।
पंजाब के पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। कैप्टन ने बुधवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्हें कोरोना के हल्के लक्षण हैं और वे होम आइसोलेशन में हैं।
मोदी कैबिनेट के कई मंत्री भी कोरोना की चपेट में आए हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। गुरुवार को ट्वीट कर उन्होंने इसकी जानकारी दी।
देश की केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गई हैं। गुरुवार को अपने सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने इसकी जानकारी दी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सोमवार को ट्वीट कर बताया कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनमें कोरोना के हल्के लक्षण मिले हैं। फिलहाल उनका स्वास्थ्य ठीक है और उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने घर पर खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। हल्के लक्षण दिखन के बाद उन्होंने कोरोना का टेस्ट कराया था। सोमवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
TMC नेता बाबुल सुप्रियो तीसरी बार कोरोना का शिकार हुए हैं। पिछले हफ्ते उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। उनके साथ उनकी पत्नी और कुछ स्टाफ भी पॉजिटिव मिले हैं।
पिछले हफ्ते एकता कपूर को कोरोना हो गया था। इसके बाद उन्होंने एहतियात बरतते हुए खुद को आइसोलेट कर लिया। हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने क्वरैंटाइन टाइम का वीडियो उन्होंने शेयर किया है।
अब उन बड़ी हस्तियों के बारे में जानते हैं, जो कोविड पॉजिटिव होने के बाद रिकवर कर चुकी हैं...
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 4 जनवरी को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। 5 दिनों बाद उन्होंने फिर से कोविड टेस्ट कराया तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। अब वे पूरी तरह ठीक हैं।
एक्ट्रेस करीना कपूर फिलहाल कोविड-19 से रिकवर कर चुकी हैं। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी दी थी कि वो कोविड पॉजिटिव हो गई हैं। वे अपने बेटे के जन्मदिन पर साथ नहीं थीं, उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया था।
बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही कोरोना को मात दे चुकी हैं। हाल ही में रिकवरी के बाद वे बाहर दिखी थीं। नोरा कोविड पॉजिटिव होने के बाद 14 दिनों तक क्वरैंटाइन रही थीं।
3 जनवरी को बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी प्रिया रुंचाल कोरोना पॉजिटिव हो गईं। हालांकि अब दोनों रिकवर कर चुके हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कोविड रिपोर्ट के बारे में जानकारी दी थी।
फिल्म अभिनेता अर्जुन कपूर पिछले महीने कोविड की चपेट में आ गए थे। अब उन्होंने इससे रिकवर कर लिया है। अर्जुन इससे पहले साल 2020 में भी कोरोना से पॉजिटिव हुए थे।