पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Business News
  • Adani ITC TCS Share Price | BSE NSE Sensex Nifty (Stock) Market Today Update

आज बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार:सेंसेक्स 79 अंक चढ़कर 57,635 पर बंद, अडाणी ग्रुप के 6 शेयरों में तेजी

मुंबई16 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

भारतीय शेयर बाजार में आज यानी गुरुवार (16 मार्च) को बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स 79 अंक बढ़कर 57,635 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 13 अंक चढ़ा है, यह 16,985 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयरों में बढ़त और 13 में गिरावट रही।

अडाणी ट्रांसमिशन का शेयर 5.00% चढ़ा
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 6 में तेजी और 4 में गिरावट देखने को मिली। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 0.05% चढ़ा है। वहीं अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर में 5.00% की तेजी रही। हालांकि, अडाणी विल्मर, पावर, टोटल गैस और NDTV के शेयर गिरावट में रही।

‌BPCL-हिंदुस्तान यूनिलीवर टॉप गेनर
‌BPCL, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट्स, नेस्ले इंडिया, टाइटन, बजाज ऑटो, सन फार्मा और ब्रिटानिया समेत निफ्टी-50 के 32 शेयरों में तेजी रही। वहीं हिंडाल्को, टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, JSW स्टील, HDFC लाइफ, भारती एयरटेल, इंफोसिस और HCL टेक समेत निफ्टी के 18 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

मीडिया सेक्टर में 4.16% की तेजी रही
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 8 में तेजी रही। मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा 4.16% की तेजी देखने को मिली। FMCG और रियल्टी सेक्टर में 1% से ज्यादा की बढ़त आई है। बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा और PSU बैंक सेक्टर में भी तेजी रही। सिर्फ IT, मेटल और प्राइवेट बैंक सेक्टर में गिरावट देखने को मिली।

पतंजलि फूड्स का शेयर 3.05% टूटा
पतंजलि फूड्स के शेयर में आज 3.05% की गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट के साथ कंपनी का शेयर टूटकर 935 रुपए पर बंद हुआ। बुधवार को यह 964 रुपए पर बंद हुआ था। असल में शेयर बाजार के नियमों का पालन नहीं करने पर BSE और NSE ने पतंजलि फूड्स के करीब 29.25 करोड़ शेयरों को फ्रीज कर दिया है। इन शेयरों में आज से ट्रेडिंग नहीं हो रही है। एक्‍सचेंज की ओर से फ्रीज किए गए शेयर कंपनी के प्रमोटर्स ग्रुप के हैं।

जी एंटरटेनमेंट का शेयर 10% चढ़ा
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज, इंडसइंड बैंक का बकाया चुकाने को तैयार हो गई है क्योंकि कंपनी अपने खिलाफ शुरू हई दिवालिया कार्यवाही को बंद करना चाहती है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जी एंटरटेनमेंट पर इंडसइंड बैंक का करीब 83.7 करोड़ रुपए बकाया है और कंपनी शुक्रवार तक इस राशि को चुकता कर सकती है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बकाया चुकता होने के बाद इंडसइंड बैंक ने जी के खिलाफ दाखिल की गई दिवालिया कार्यवाही को वापस लेने पर सहमित जताई है। ये खबर आने के बाद आज जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का शेयर 10% चढ़कर 207.95 रुपए पर पहुंच गया है।

FIIs कर रहे बिकवाली
फॉरेन इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (FII) ने बुधवार को लगातार 5वें दिन भी भारतीय बाजार में बिकवाली की है। बुधवार को कैश मार्केट में FIIs ने 1,271 करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की। वहीं डोमेस्टिक इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (DII) ने कल 1,824 करोड़ रुपए के शेयरों की खरीदारी की। इस महीने अब तक FIIs ने कुल 8,457 करोड़ रुपए की खरीदारी की है
जबकि DIIs ने कुल 12,294 करोड़ रुपए की बिकवाली की है।

बुधवार को 344 अंक गिरा था सेंसेक्स
इससे पहले बुधवार (15 मार्च) को भी बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 344 अंक गिरकर 57,556 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 123 अंक गिरा था, यह 16,972 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 9 में बढ़त रही थी। बाजार की बिकवाली में बैंकिंग स्टॉक्स सबसे आगे रहे।

15 महीने के निचले स्तर पर क्रूड
बैंकिंग संकट की चिंताओं से क्रूड (कच्चा तेल) 5% से ज्यादा गिरा है। कच्चा तेल 3 दिन में 10% से ज्यादा फिसलकर 15 महीने के निचले स्तर पर पहुंचा है। इसका भाव 74 डॉलर के करीब नजर आ रहा है। कल ब्रेंट का भाव $72 के नीचे फिसला था। कल ब्रेंट का भाव 4% से ज्यादा टूटा था। ये 3 दिनों में 10.50% से ज्यादा गिरा था।