पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Business News
  • Adani Enterprises Share Price | BSE NSE Sensex Nifty (Stock) Market Today

अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 19% चढ़ा:सेंसेक्स 234 अंकों की बढ़त के साथ 61,963 पर बंद, इसके 30 में से 19 शेयरों में तेजी

मुंबई14 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार (22 मई) को शेयर बाजार बढ़त देखने को मिली है। सेंसेक्स 234 अंकों की बढ़त के साथ 61,963 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 111 अंकों की तेजी रही, यह 18,314 के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में तेजी और 11 में गिरावट देखने को मिली है। आज अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 382 रुपए (19.55%) चढ़कर 2,338 रुपए पर बंद हुआ है।

आज IT सेक्टर में 2.49% की मजबूती रही। मेटल की चमक बढ़ी और सेक्टर ने 3.19% की छलांग लगाई। फार्मा सेक्टर भी 0.99% चढ़ा। बैंक निफ्टी में 0.19% की गिरावट रही। सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे कमजोर होकर 82.83 रुपए पर बंद हुआ।

अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी
आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी देखने को मिली। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 19.55% चढ़ा। अडाणी ट्रांसमिशन, पावर, टोटल गैस, और ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 5-5% की तेजी रही। अडाणी विल्मर का शेयर 9.99% चढ़ा।

10% बढ़ी अडाणी की संपत्ति
ग्रुप की कंपनियों में 32% हिस्सेदारी रखने वाले गौतम अडाणी की निजी संपत्ति सोमवार को 39.7 हजार करोड़ रु (10%) बढ़ी। कुल 4.3 लाख करोड़ रु. की संपत्ति के साथ वह अब दुनिया के 24वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। हालांकि, जब हिंडनबर्ग की रिपोर्ट नहीं आई थी, तब 8 लाख करोड़ रु. की संपत्ति के साथ वह दुनिया के टॉप-3 अमीरों की लिस्ट में शामिल थे।

आज कई कंपनियों के नतीजे
BPCL, श्री सीमेंट, पीबी फिनटेक, आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल, सीईएससी, कैप्री ग्लोबल कैपिटल, ईआईएच, फिनोलेक्सइंडस्ट्री ज,फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस, गुजरात अल्कलीज एंड केमिकल्स, एचसीएल इंफोसिस्टम्स, एचईजी, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज, एसजेवीएन, सन फार्मा एडवांस्ड रिसर्च कंपनी और वारी टेक्नोलॉजीज।

शुक्रवार को मार्केट में रही थी तेजी
इससे पहले शुक्रवार को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 297 अंकों की तेजी के साथ 61,729 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 73 अंकों की तेजी रही थी, यह 18,203 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी और 8 में गिरावट रही थी।