पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंबीते साल लिस्ट हुई नए जमाने की स्टार्टअप जोमैटो, पॉलिसीबाजार (पीबी), नायका और पेटीएम के शेयरों के लिए 2022 बुरे सपने जैसा साबित हुआ है। जनवरी से अब तक इन शेयरों में 60% तक गिरावट दर्ज की जा चुकी है। इसके चलते इनके मार्केट कैप में भारी गिरावट आई है और यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की आशंका जताई जा रही है।
शेयर बाजारों में पॉलिसीबाजार (पीबी फिनटेक), नायका (एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर) और पेटीएम (वन 97 कम्यूनिकेशंस) की लिस्टिंग नवंबर 2021 में हुई थी, जबकि जोमैटो के शेयर की ट्रेडिंग बीते साल 27 जुलाई को शुरू हुई थी। इनमें से तीन नायका, पेटीएम और जोमैटो को इसी साल फरवरी में निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स में शामिल किया गया था। लेकिन, अब तक इनके निवेशकों को निराशा हाथ लगी है।
पेटीएम का वैल्यूएशन तीन चौथाई घटा
लिस्टिंग के बाद सबसे बुरी हालत वन 97 कम्यूनिकेशंस की हुई है। नवंबर 2021 से अब तक इसका वैल्यूएशन 75% से ज्यादा घट गया। जोमैटो का मार्केट कैप भी शुक्रवार को आधा से भी कम 47,625 करोड़ रुपए रह गया। साल की शुरुआत में यह 1.11 लाख करोड़ से ज्यादा था। पॉलिसीबाजार और नायका का वैल्युएशन भी 30-40% घटा है।
निफ्टी नेक्स्ट 50 का हिस्सा हैं पेटीएम, नायका, जोमैटो
एनएसई ने फरवरी के आखिर में पेटीएम, नायका और जोमैटो को निफ्टी नेक्स्ट 50 इंडेक्स में शामिल किया था। इसका मतलब है कि ये कंपनियां निफ्टी 50 में शामिल देश की बड़ी कंपनियों के ठीक बाद वाली कैटेगरी में आती हैं।
5 साल तक मुनाफे की उम्मीद नहीं
नए जमाने की ये टेक्नोलॉजी कंपनियां लंबे समय बाद मुनाफे में आएंगी। एलकेपी सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड एस रंगनाथन ने कहा, ‘इन कंपनियों ने नई टेक्नोलॉजी की मदद से नया मार्केट क्रिएट किया है। मैं समझता हूं कि जोमैटो, पॉलिसीबाजार और पेटीएम को मुनाफा कमाने में 5 साल और लगेगा।’ निवेशकों को यह बात समझ में आ गई और नतीजा सामने है। रंगनाथन के मुताबिक नायका की बात अलग है। यह कंपनी मुनाफा कमाती है, लेकिन इसका वैल्यूएशन ज्यादा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.