पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Business News
  • Share Market ; BSE ; NSE ; Indian Shares Fell By 11% In Three Months, 300 Stocks Halved

दुनियाभर के बड़े बाजारों का मार्केट-कैप 9% तक बढ़ा:भारतीय शेयर तीन महीने में 11% तक टूटे, 300 शेयरों के दाम आधे हुए

मुंबई14 दिन पहले
  • कॉपी लिंक

भारतीय शेयरों की वैल्यू इस साल अब तक तकरीबन 11% गिरकर 247.76 लाख करोड़ रुपए रह गई। इस बीच करीब 300 शेयर ऑल-टाइम हाई से 50% नीचे आ गए। वैल्युएशन के हिसाब से दुनिया के टॉप-10 शेयर बाजारों में ये सबसे बड़ी गिरावट है। इसके उलट दुनियाभर के अन्य बड़े बाजारों का मार्केट-कैप 9% तक बढ़ा है।

बीते दो हफ्तों में सेंसेक्स और निफ्टी 5.5% से ज्यादा टूटे हैं। फरवरी में भी इन बेंचमार्क सूचकांकों में 6% से अधिक गिरावट आई थी। 2023 में अब तक सेंसेक्स 5.4% और निफ्टी 6.3% टूट चुके हैं। इस साल अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में करीब 22,200 करोड़ रुपए के शेयर बेचे हैं।

2022 में इन्होंने 1.40 लाख करोड़ रुपए के शेयरों की बिकवाली की थी। बहरहाल शुक्रवार को सेंसेक्स 355 अंक चढ़कर 57,990 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 114 अंकों की तेजी के साथ 17,100 के स्तर पर रहा। रुपए में मजबूती और कच्चे तेल के दाम घटने से सेंटिमेंट मजबूत हुआ।

तीन कारण से गिर रहे भारतीय शेयर बाजार

  1. कुछ महीने पहले तक अन्य बाजारों के मुकाबले भारतीय शेयर काफी महंगे थे। ऐसे में शेयर बेचकर विदेशी निवेशकों ने मुनाफा कमाया।
  2. चीन जैसे दूसरे बाजारों में विदेशी निवेशकों के लिए बड़े पैमाने पर शेयर बेचकर पैसा वापस ले जाना मुश्किल है। भारत में ऐसा नहीं है।
  3. विदेशी प्रमोटर भारतीय कंपनियों में हिस्सा बेच रहे हैं। मसलन मदरसन सुमी के जापानी प्रमोटरों ने इस हफ्ते 40 साल बाद शेयर बेचे।

92 शेयरों की कीमत 75% घटी
इस साल अब तक 92 शेयरों में ऑल-टाइम हाई से 75% गिरावट आई। 66 शेयर 80% से भी ज्यादा टूटे हैं। एलकेपी सिक्युरिटीज के मुताबिक, सभी सेक्टरों के शेयर गिरे हैं। पावर सेक्टर अपवाद रहा।

15 जून के बाद पलट सकता है ट्रेंड
एलकेपी सिक्युरिटीज के रिसर्च हेड एस. रंगनाथन ने कहा कि अभी किसी सकारात्मक संकेत की उम्मीद नहीं है। 15 जून से मानसून शुरू होगा। यदि मौसम अल-नीनो से प्रभावित नहीं हुआ और सामान्य बारिश की संभावना बनी तो शेयर बाजार का ट्रेंड पलट सकता है।

2023 में अब तक वैश्विक बाजारों का मार्केट-कैप 2% बढ़ा

शेयर बाजारमार्केट-कैपबदलाव
जर्मनी190.77+8.63%​​​​​​​
फ्रांस256.01+7.92%
चीन886.96+5.90%
अमेरिका3460.31+2.05%
हॉन्गकॉन्ग438.53+1.57%​​​​​​​
जापान456.70+1.30%​​​​​​​
सऊदी अरब217.20+1.19%​​​​​​​
ब्रिटेन241.97+0.77%
भारत247.76-11.0%
कनाडा221.33-0.98%
पूरी दुनिया8,211.43+1.89%

(मार्केट-कैप लाख करोड़ रुपए में, सोर्स: ब्लूमबर्ग)

शुक्रवार को बाजार में दिखी बढ़त
शुक्रवार (17 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार में भी बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 355 अंक या 0.62% मजबूती के साथ 57,989 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयरों में बढ़त और 9 में गिरावट रही। वहीं निफ्टी भी 139 अंक से चढ़ा था, यह 17,125 के स्तर पर बंद हुआ।