पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पांच दिन बाद पेट्रोल और डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ गए हैं। राजधानी दिल्ली में बुधवार को पेट्रोल 84.45 रु. और डीजल 74.63 रु. प्रति लीटर के दाम पर बिक रहा है। आज दोनों के दाम 25-25 पैसे बढ़े हैं। इससे पहले सरकारी तेल कंपनियों ने 6 जनवरी को दोनों की कीमत बढ़ाई थी।
मुंबई में भी पहली बार पेट्रोल 91 रु. के पार पहुंचा
इसी तरह आर्थिक राजधानी मुंबई में भी पेट्रोल का दाम पहली बार 91 रु. के पार पहुंच गया है। यहां पेट्रोल 91.07 रु. और डीजल 81.34 रु. प्रति लीटर पर बिक रहा है। डीजल का यह दाम रिकॉर्ड हाई है।
वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल का दाम एक साल के हाई पर पहुंचा
अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी के बाद ही तेल कंपनियों ने दाम बढ़ाए हैं। क्योंकि ब्रेंट क्रूड 57.37 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। यह पिछले साल फरवरी के बाद से अब तक का सबसे ऊंचे भाव पर है। फरवरी के बाद महामारी का फैलाव दुनियाभर में बढ़ने लगा था। सरकारें देश में सख्त लॉकडाउन लागू करने लगी थी। इससे फ्यूल डिमांड में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।
बढ़ती महंगाई के चलते सरकार ने घटाई थी एक्साइज ड्यूटी
इसी साल 7 जनवरी को दिल्ली में पेट्रोल 84.20 रु. प्रति लीटर बिक रहा था। लगातार दो दिन में तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 49 पैसे और डीजल के 51 पैसे बढ़ाए थे। इससे पहले 4 अक्टूबर 2018 को पेट्रोल के दाम 84 रु. से भी अधिक हो गया था। हालांकि तब सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाई थी। इसके तहत पेट्रोल और डीजल में 1.50-1.50 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाई गई थी। साथ ही सरकारी तेल कंपनियों ने भी दाम प्रति लीटर एक रुपया घटाया था।
पेट्रोल पर केंद्र और राज्य सरकारें लगाती हैं भारी कर
केंद्र सरकार प्रति लीटर पेट्रोल पर 32.98 रु. और डीजल पर 31.83 रु. एक्साइज ड्यूटी लगाती है। इसके अलावा दिल्ली में प्रति लीटर पेट्रोल पर 19.32 रु. और डीजल पर 10.85 रु. का वैट (VAT) है। यानी पेट्रोल की कीमत का 62.5% और डीजल का 57.8% केंद्र और राज्य सरकारें वसूलती हैं। पिछले साल मई से अब तक प्रति लीटर पेट्रोल की कीमत 14.79 रु. और डीजल 12.34 रु. बढ़ी है।
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.