पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पेट्रोल-डीजल के दामों में लगी आग थमने का नाम ही नहीं ले रही है। आज लगातार 12वें दिन पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। दिल्ली में पेट्रोल 90.58 रुपए और मुंबई में 97 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। आज दिल्ली में पेट्रोल 39 पैसे और डीजल भी 37 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। इसके अलावा राजस्थान के गंगानगर में पेट्रोल 101.22 और मध्यप्रदेश के अनूपनगर में 101 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। फरवरी में पहली बार पेट्रोल-डीजल के दाम 4 फरवरी को बढ़े थे इसके बाद से अब तक यानी 17 दिनों में ही इसके दामों में 14 बार इजाफा हुआ है।
51 दिनों में ही 24 बार बढ़े दाम
फरवरी में अब तक पेट्रोल-डीजल के रेट में 14 बार बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान दिल्ली में पेट्रोल 4.03 रुपए और डीजल 4.24 रुपए महंगा हुआ है। इससे पहले जनवरी में रेट 10 बार बढ़े। इस दौरान पेट्रोल की कीमत में 2.59 रुपए और डीजल में 2.61 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं अगर 2021 की बात करें तो इस साल अब तक पेट्रोल 6.77 रुपए और डीजल 7.10 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने की 3 वजह
कच्चा तेल 13 महीनों में सबसे महंगे स्तर पर है। इस साल कच्चा तेल अब तक 23% तक महंगा हो चुका है। 1 जनवरी को ब्रेंट क्रूड का रेट 51 डॉलर प्रति बैरल था। अब यह 63 डॉलर के पार निकल गया है। इसकी वजह यह है कि दुनियाभर में आर्थिक गतिविधियों में पॉजिटिव ग्रोथ देखी जा रही है। इससे फ्यूल डिमांड बढ़ी है। केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी नहीं घटा रही। अगर दिल्ली का उदाहरण लें तो यहां एक लीटर पेट्रोल पर 32.90 रुपए और डीजल पर 31.80 रुपए की एक्साइज ड्यूटी लगती है। राज्य सरकारें पेट्रोल-डीजल पर वैट भी लगाती हैं। जैसे- दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल में वैट के 20.61 रुपए शामिल हैं।
1 साल में क्रूड ऑयल 8.47% बढ़ा लेकिन पेट्रोल 25% महंगा हो गया
अब बीते 1 साल की बात करें तो 20 फरवरी 2020 को कच्चे तेल का भाव करीब 59 डॉलर प्रति बैरल हुआ करता था जो अभी 64 डॉलर पर है यानी 1 साल में कच्चा तेल 8.47% महंगा हुआ है। वहीं अगर हम पेट्रोल की बात करें तो वो इस दौरान 25% महंगा हुआ है। 20 फरवरी 2020 को दिल्ली में पेट्रोल 72 रुपए प्रति लीटर था जो अब 90 रुपए प्रति लीटर से भी ऊपर निकल गया है। मई 2020 में सरकार ने पेट्रोल पर 10 और डीजल पर 13 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई थी।
रोजाना सुबह 6 बजे अपडेट होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट
15 जून 2017 से देश में पेट्रोल, डीजल की कीमतें रोजाना आधार पर बदलना शुरू हो गई हैं। इससे पहले इनमें हर तिमाही बदलाव होता था। पेट्रोल-डीजल के दाम रोजाना सुबह 6 बजे अपडेट हो जाते हैं। रोज का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं।इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लि. (IOCL) के कस्टमर RSP के साथ शहर का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर, BPCL ग्राहक RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर और HPCL कस्टमर HPPrice लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर दाम पता कर सकते हैं।
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.