पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंLIC हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने होम लोन की ब्याज दरों में 60 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है। इस फैसले के बाद से अब होम लोन पर 7.50% के हिसाब से ब्याज चुकाना होगा। नई ब्याज दर 20 जून से लागू हो गई हैं। इससे पहले SBI, ICICI और HDFC सहित अन्य बैंक भी होम लोन की ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर चुके हैं।
यहां समझें अब कितना ज्यादा ब्याज और किस्त देनी होगी
लोन अमाउंट (रु. में) | अवधि | ब्याज दर (% में) | किस्त (EMI) | कुल ब्याज (रु. में) | कुल रकम जो चुकानी होगी (रु. में) |
10 लाख | 20 साल | 6.90 | 7,693 | 8.46 लाख | 18.46 लाख |
10 लाख | 20 साल | 7.50 | 8,056 | 9.33 लाख | 19.33 लाख |
यहां समझें अब कितना ज्यादा ब्याज और किस्त देनी होगी
लोन अमाउंट (रु. में) | अवधि | ब्याज दर (% में) | किस्त (EMI रु. में) | कुल ब्याज (रु. में) | कुल रकम जो चुकानी होगी (रु. में) |
20 लाख | 20 साल | 6.90 | 15,386 | 16.92 लाख | 36.92 लाख |
20 लाख | 20 साल | 7.50 | 16,112 | 18.66 लाख | 38.66 लाख |
नोट: यह कैलकुलेशन LIC हाउसिंग फाइनेंस के EMI कैलकुलेटर पर आधारित है।
अन्य बैंक किस ब्याज दर पर दे रहे लोन
बैंक | ब्याज दर (%) |
कोटक महिंद्रा | 7.50 |
SBI | 7.55 |
ICICI | 7.60 |
HDFC बैंक | 7.55 |
एक्सिस | 7.60 |
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया | 7.40 |
पंजाब नेशनल बैंक | 7.40 |
बैंक ऑफ बड़ौदा | 7.45 |
होम लोन लेते समय इन 4 बातों का रखें ध्यान
कम रकम के लिए करें अप्लाई
कम लोन-टु-वैल्यू (LTV) रेश्यो आपके लिए लोन लेना आसान कर सकता है। इसका मतलब है कि घर खरीदने के लिए आपको अपना कॉन्ट्रिब्यूशन ज्यादा रखना होगा। कम LTV रेश्यो चुनने से प्रॉपर्टी में खरीदार का कॉन्ट्रिब्यूशन बढ़ जाता है। इससे बैंक का जोखिम कम होता है। इससे आपको लोन मिलने के चांस बढ़ जाएंगे। आमतौर पर बैंक प्रॉपर्टी की कीमत का 75-90% तक का लोन देता है। ऐसे में शेष राशि को लोन लेने वाले को डाउनपेमेंट या मार्जिन कॉन्ट्रिब्यूशन के रूप में चुकाना होता है। इसके बिना आपको लोन नहीं मिलेगा।
फिक्स ऑब्लिगेशन टु इनकम रेश्यो का रखें ध्यान
जब हम बैंक में लोन के लिए अप्लाई करते हैं तो बैंक फिक्स ऑब्लिगेशन टु इनकम रेश्यो (FOIR) भी देखता है। इससे पता चलता है कि आप हर महीने लोन की कितने रुपए तक की किस्त दे सकते हैं। FOIR से पता चलता है कि आपकी पहले से जा रही EMI, घर का किराया, बीमा पॉलिसी और अन्य भुगतान मौजूदा आय का कितना फीसदी है। अगर लोन दाता को आपके ये सभी खर्च आपकी सैलरी के 50% तक लगते हैं तो वह आपकी लोन एप्लिकेशन को रिजेक्ट कर सकता है। इसीलिए यह ध्यान भी रखें कि लोन की रकम इससे ज्यादा न हो।
प्री-पेमेंट पेनल्टी की जानकारी जरूर लें
कई बैंक समय से पहले लोन अदा करने पर पेनल्टी लगाते हैं। ऐसे में बैंकों से इस बारे में पूरी डिटेल ले लें, क्योंकि समय से पहले लोन चुकाने पर बैंकों को उम्मीद के मुताबिक कम ब्याज मिलता है। ऐसे में उनकी ओर से कुछ टर्म एडं कंडीशन लगाए जाते हैं। इसलिए होम लोन लेते वक्त इस बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लें।
संबंधित बैंक से लें लोन
अगर आप होम लोन लेने के बारे में सोच रहे हैं तो उसी बैंक से लें, जहां आपका अकाउंट हो, या जहां से आप फिक्स्ड डिपॉजिट या क्रेडिट कार्ड की सेवा ले रहे हैं, क्योंकि बैंक अपने रेगुलर कस्टमर्स को आसानी से और उचित ब्याज दर पर लोन उपलब्ध कराते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.