पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंसोने में एक बार फिर तेजी देखी जा रही है। यह 7 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार को 24 कैरेट सोने की कीमत 52,877 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले इसी साल 20 अप्रैल को सोना 52,752 रुपए पर था। एनालिस्ट के मुताबिक देश में लाखों की तादाद में शादियां और डॉलर कमजोर होने से सोने में तेजी देखी जा रही है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 3 नवंबर को सोने की कीमत घटकर 50,114 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गई थी। इस हिसाब से बीते सात दिन में सोना 2,763 रुपए महंगा हो गया। 5,6 और 8 नवंबर को सर्राफा बाजार बंद था। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा कि मौजूदा हालात सोने के पक्ष में है। अगले साल जनवरी तक यह तेजी जारी रह सकती है।
सोने की कीमत बढ़ने के चार बड़े कारण
1. शादियों के लिए खरीदारी
14 नवंबर से लेकर 14 दिसंबर के बीच देश में 30 लाख से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। इसके लिए गहनों की खरीदारी शुरू हो गई है। इसके चलते सोने की मांग बढ़ गई है।
2. डॉलर में बड़ी गिरावट
अमेरिका में बीते माह अनुमान से कम महंगाई के कारण डॉलर इंडेक्स तीन महीनों के निचले स्तर पर आ गया है। डॉलर की वैल्यू गिरने का सीधा असर सोने में तेजी के रूप में नजर आता है।
3. चीन में नए साल का जश्न
चीन में सोने की खपत सबसे ज्यादा होती है। वहां 20 जनवरी से नए साल का जश्न चलेगा। इसकी तैयारी काफी पहले से शुरू हो जाती है और सोने की खरीद बढ़ जाती है।
4. भू-राजनीतिक तनाव
चीन और ताइवान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस बीच रूस-यूक्रेन युद्ध भी एक बार फिर भड़क गया है। इसके चलते अनिश्चितता बढ़ी और दुनियाभर के निवेशक सोने में निवेश बढ़ाने लगे हैं।
3 नवंबर से बढ़ी सोने की कीमत
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.