- Business News
- Electric Car Bike Insurance Information Update; Everything You Need To Know
इलेक्ट्रिक व्हीकल का सही बीमा है जरूरी:EV के लिए इंश्योरेंस लेते समय बैटरी को अलग से कवर करने सहित इन 6 बातों का रखें ध्यान
स्टैंडर्ड मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी कई दशक पहले बनाई गई थी, जब इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) या हाइब्रिड वाहनों का कॉन्सेप्ट नहीं था। उस समय खासतौर पर EV के लिए मोटर इंश्योरेंस की जरूरत नहीं थी। चूंकि इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत सामान्य वाहनों से ज्यादा होती है, लिहाजा इनका इंश्योरेंस लेने से पहले अधिक से अधिक छानबीन करना और संतुष्ट होना जरूरी है। इसलिए EV के लिए इंश्योरेंस खरीदते समय इन बातों पर जरूर ध्यान देना चाहिए..
- क्या पॉलिसी में बैटरी को अलग से कवर किया गया है?
- क्या पॉलिसी बाढ़ या चार्जिंग के दौरान आग लगने से बैटरी का टोटल लॉस कवर करती है? यह इसलिए अहम है क्योंकि बैटरी EV का सबसे महंगा हिस्सा होता है।
- क्या EV की वजह से किसी तीसरे पक्ष को हुए नुकसान और व्यक्तिगत चोट की जिम्मेदारियां पॉलिसी में कवर्ड हैं? यह भी देख लें कि यदि नुकसान के कारण EV के मालिक के खिलाफ कोई मुकदमा दायर किया जाता है तो पॉलिसी में अलग से लायबिलिटी कवर है या नहीं।
- क्या पॉलिसी में सभी पार्ट्स के लिए जीरो डेप्रिसिएशन कवरेज है? चाहे वे प्लास्टिक, मेटल, ग्लास या फाइबर किसी भी मेटल से क्यों न बने हों।
- क्या पॉलिसी में वॉल माउंट चार्जर और चार्जिंग केबल के लिए अलग से कवरेज है? चूंकि ये पार्ट वाहन से जुड़े नहीं होते इसलिए इनको अलग से उल्लेख के साथ मोटर पॉलिसी में कवर किया जाना जरूरी है।
- क्या पॉलिसी में मूल कंपनी द्वारा फिट किए गए गैजेट के अलावा किसी अन्य गैजेट को कवर किया गया है?
तेजी से बढ़ रही इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग
अगस्त 2022 में 85,911 इलेक्ट्रिक वाहनों के रजिस्ट्रेशन हुए थे, जबकि जुलाई में 77,868 EV बिके थे। पिछले साल अगस्त में 29,127 EV की बिक्री हुई थी। इस हिसाब से मासिक आधर पर जहां EV की बिक्री 11% बढ़ी वहीं सालाना आधार पर बिक्री तीन गुनी हो गई।