पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नतीजों के लिहाज से दिसंबर तिमाही की मजबूत शुरुआत और अमेरिका में नए राहत पैकेज की उम्मीद से मार्केट में रिकॉर्ड तेजी रही। सेंसेक्स पहली बार 49 हजार के पार बंद हुआ है। बाजार की तेजी में IT और ऑटो शेयर सबसे आगे रहें। उम्मीद है कि सेंसेक्स इसी हफ्ते 50 हजार के रिकॉर्ड स्तर को छू सकता है। क्योंकि इसी हफ्ते HCL टेक सहित इंफोसिस जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे।
मार्केट कैप पहली बार 196 लाख करोड़ रु. के पार पहुंचा
सोमवार को सेंसेक्स 486.81 अंक ऊपर 49,269.32 पर बंद हुआ है। BSE एक्सचेंज पर कुल 3,298 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। 1,474 के शेयर बढ़त और 1,681 गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें 501 के शेयरों ने एक साल का न्यू हाई बनाया। 488 शेयरों में भी अपर सर्किट लगा। तेजी के चलते BSE पर लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप पहली बार 196.54 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
निफ्टी 14,500 के करीब बंद
इसी तरह निफ्टी 137.85 अंकों की बढ़त के साथ 14,484.75 पर बंद हुआ। इसमें टाटा मोटर्स का शेयर 12.64% ऊपर बंद हुआ है। HCL टेक के शेयर 5.89% ऊपर बंद हुआ। इंफोसिस, विप्रो और HDFC के शेयर भी अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए हैं। इसके चलते निफ्टी ऑटो इंडेक्स 2.61% और IT इंडेक्स 3.31% ऊपर बंद हुए।
दूसरी ओर मेटल और बैंकिंग शेयर में गिरावट दर्ज की गई। इसमें टाटा स्टील का शेयर 2.55% नीचे बंद हुआ है। इसके अलावा अदाणी पोर्ट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और रिलायंस के शेयर 1-1% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। शुक्रवार को सेंसेक्स 48,782.51 पर और निफ्टी 14,347.25 पर बंद हुआ था।
बाजार में तेजी की बड़ी वजह
TCS के मजबूत तिमाही नतीजे
फेस्टिव सीजन के चलते दिसंबर तिमाही में टीसीएस ने शानदार नतीजे पेश किए। सितंबर तिमाही के मुकाबले कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4.7% बढ़ा है। यह नौ साल में सबसे तेज ग्रोथ है। इससे पहले अक्टूबर-दिसंबर 2011 में 13.5% ग्रोथ दर्ज की गई थी। रेवेन्यू में सालाना ग्रोथ 5.4% और प्रॉफिट में 7.2% रही है। इस तिमाही कंपनी ने 42,015 करोड़ रुपए का बिजनेस (रेवेन्यू) किया। इस पर उसे 8,701 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। दिसंबर 2019 तिमाही में इसे 8,118 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था।
भारी विदेशी निवेश
जनवरी में अब तक विदेशी निवेशकों ने शुद्ध रूप से 4,819 करोड़ रुपए का निवेश किया है। अकेले शुक्रवार को ही 6 हजार करोड़ से ज्यादा का निवेश किया था। पिछले साल दिसंबर में कुल 62 हजार करोड़ का निवेश किया गया था। इसमें से एक से 15 दिसंबर के बीच 41,898 करोड़ रुपए जबकि 16 से 31 दिसंबर के बीच 20,118 करोड़ रुपए का निवेश हुआ। 2020 में एफआईआई का इक्विटी में कुल निवेश 1.60 लाख करोड़ रुपए रहा है।
वैश्विक बाजारों में सुस्ती
आज एशियाई बाजारों में सपाट कारोबार हुआ। इसमें दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.12% ऊपर बंद हुआ है। इसके अलावा हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग भी हल्की गिरावट बंद हुआ है। लेकिन चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.08% नीचे बंद हुआ है। सोमवार को जापान का निक्केई इंडेक्स बंद रहा। इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में तेजी दर्ज की गई थी। यूरोप के मार्केट में भी बढ़त दर्ज की गई थी।
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.