पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंदुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट के चलते गुरुवार को भी घरेलू बाजार में बिकवाली रही। BSE सेंसेक्स 379.14 अंकों की गिरावट के साथ 51,324.69 पर बंद हुआ है। शुरुआती कारोबार के दौरान इंडेक्स ने दिन के सबसे ऊंचे स्तर 51,903.96 को भी छुआ। इससे पहले 17 फरवरी को भी इंडेक्स 400.34 अंक नीचे 51,703.83 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स में आज बजाज फाइनेंस और कोटक बैंक के शेयरों में 2-2% से ज्यादा की गिरावट रही, जबकि ONGC का शेयर सबसे ज्यादा 8.32% की बढ़त के साथ बंद हुआ है। NSE निफ्टी इंडेक्स भी कल की क्लोजिंग से 90 अंक नीचे 15,119 पर बंद हुआ है। कल निफ्टी 104.55 अंक नीचे 15,208.90 पर बंद हुआ था। ओवरऑल मार्केट में सबसे ज्यादा खरीदारी सरकारी बैंकों के शेयरों में हुई। नतीजतन, निफ्टी PSU इंडेक्स 5.60% ऊपर बंद हुआ है।
सरकारी बैंकों के शेयरों में बनी रहेगी खरीदारी
रिलायंस सिक्योरिटीज के स्ट्रैटेजी हेड बिनोद मोदी ने कहा कि बाजार में मुनाफावसूली का यह लगातार तीसरा दिन रहा। हालांकि उम्मीद के मुताबिक निवेशकों ने मिडकैप और स्मॉल कैप सेक्टर में खरीदारी जारी रखा है। उन्होंने कहा कि बाजार में निवेशकों के पॉजिटिव सेंटीमेंट की वजह उम्मीद से बेहतर तिमाही नतीजे हैं। और यह आगे भी जारी रहेगी, क्योंकि बजट में कंपनियों के हित में कई घोषणाएं हुई हैं।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़ने और गिरने वाले शेयरों को नीचे दिए गए ग्राफिक से समझिए...
सरकारी कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी
बाजार में गुरुवार को गिरावट के बीच सरकारी कंपनियों के शेयरों में जमकर खरीदारी हुई। निफ्टी में छह सबसे ज्यादा बढ़ने वाले शेयरों में सरकारी कंपनी हैं। ONGC का शेयर 7.6%, गेल का शेयर 7% के साथ-साथ BPCL का शेयर 4.2% और इंडियन ऑयल का शेयर 4% की बढ़त के साथ बंद हुए हैं।
कोटक सिक्योरिटीज के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट (इक्विटी टेक्निकल रिसर्च) श्रीकांत चौहान ने कहा कि हमें आगे भी सरकारी बैंकों के शेयरों, मिडकैप और स्मॉलकैप सेक्टर के शेयरों में तेजी की उम्मीद है।
एक्सचेंज पर 52% शेयरों में बढ़त
BSE पर 3,125 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें 1,639 शेयरों में बढ़त और 1,328 में गिरावट रही। इंडियन ओवरसीज बैंक और सेंट्रल बैंक सहित 320 शेयरों में अपर सर्किट लगा। लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 205.88 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 205.60 लाख करोड़ रुपए था। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,008.2 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 1,283.38 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
रेलटेल का IPO 42 गुना भरा
रेलटेल का IPO अंतिम दिन 42.32 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी को 6.11 करोड़ शेयरों के मुकाबले 259 करोड़ शेयरों पर बोली मिली है। इसमें एंकर निवेशकों का हिस्सा नहीं शामिल है। कंपनी ने IPO से पहले ही 244 करोड़ रुपए एंकर निवेशकों से जुटा चुकी है। 15 फरवरी से खुले IPO का प्राइस बैंड 93-94 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था।
कंपनी IPO के जरिए 819 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। इसमें क्वालिफाइड इंस्टिच्युशनल बायर्स (QIB) हिस्सा 65.14 गुना सब्सक्राइड हुआ। नॉन-इंस्टिच्युशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 73.25 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 16.64 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कर्मचारियों का हिस्सा 3.35 गुना सब्सक्राइब हुआ है।
दुनियाभर के शेयर बाजारों बिकवाली
दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 43 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 30,249 पर बंद हुआ है। इसी तरह हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स और कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 1.85% नीचे बंद हुए हैं। जबकि चीन का शंघाई इंडेक्स 0.55% की बढ़त के साथ 3,675 पर बंद हुआ है। इससे पहले अमेरिकी और यूरोपियन मार्केट में भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।
बुधवार को अमेरिका नैस्डैक इंडेक्स 0.58% और S&P 500 इंडेक्स 0.03% की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे। वहीं, यूरोप में ब्रिटेन का FTSE इंडेक्स 0.56%, जमर्नी का DAX इंडेक्स 1.10% और फ्रांस का CAC इंडेक्स 0.36% की गिरावट के साथ बंद हुए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.