पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
देश में कोरोना नए मामलों में लगातार बढ़ोतरी से शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सेंसेक्स 42 पॉइंट ऊपर 49,201 पर बंद हुआ है। शुरुआती कारोबार में इंडेक्स दिन के सबसे ऊंचे स्तर 49,582 तक भी पहुंचा। लेकिन अंत में इंडेक्स सपाट बंद हुआ। निफ्टी भी 45 अंकों की बढ़त के साथ 14,683 पर बंद हुआ है। इससे पहले सोमवार को बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।
प्रमुख राज्यों में जगह-जगह लॉकडाउन से आर्थिक सुधार की गति धीमी पड़ने लगी है। इसका बाजार पर भी पड़ा। नतीजतन बड़े शेयर जैसे रिलायंस इंडस्ट्रीज, SBI, HCL टेक सहित HDFC बैंक लाल निशान में बंद हुए हैं। दूसरी ओर कारोबारी ग्रोथ के चलते अदाणी पोर्ट का शेयर 14% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
रिलायंस सिक्योरिटीज के स्ट्रैटेजी हेड बिनोद मोदी के मुताबिक घरेलू बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कोरोना के बढ़ते मामलों और प्रतिबंधों ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई। इससे फाइनेंशियल, ऑटो और IT सेक्टर के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मेटल और फार्मा में खरीदारी जारी रही। खासकर मिडकैप और स्मॉलकैप में खरीदारी हुई।
बिनोद मोदी को उम्मीद है कि जब तक कोरोना के मामले बढ़ेंगे तब तक बाजार इसी तरह की उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। ऐसे में निवेशकों को क्वालिटी शेयरों पर फोकस रखना चाहिए और कम भाव पर खरीदारी कर पोर्टफोलियो को मजबूत करना चाहिए
मेटल और फार्मा सेक्टर में तेजी
आज यानी मंगलवार को निवेशकों ने सबसे ज्यादा खरीदारी मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में की। NSE पर दोनों इंडेक्स 1-1% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी में JSW स्टील के शेयर में 3.8% की बढ़त रही। इसी तरह सेंसेक्स में भी शामिल 30 में से 17 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। एशियन पेंट्स का शेयर 4% ऊपर बंद हुआ।
1,672 शेयरों बढ़त रही
BSE पर 3,071 शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें 1,672 शेयर बढ़त और 1,212 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए हैं। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 206.44 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 205.09 लाख करोड़ रुपए था। सुबह सेंसेक्स 281 अंकों की बढ़त के साथ 49,441.13 पर और निफ्टी 99 अंक ऊपर 14,737.00 पर खुला था।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेस के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजय कुमार के मुताबिक दुनियाभर की आर्थिक रिकवरी में सबसे आगे अमेरिका और चीन हैं, जिससे उभरते बाजार जैसे भारत को फायदा मिल रहा है। दूसरी ओर तिमाही नतीजों की भी शुरुआत होने वाली है। इससे बाजार में खरीदारी लौटी है। उन्होंने बताया कि भारतीय बाजार में बढ़त आगे भी जारी रहेगी। इसमें मिडकैप और स्मॉलकैप सेक्टर के शेयर फोकस में रहेंगे। इन सेक्टर ने निवेशकों को 2021 में अब तक 15% का रिटर्न दे चुके हैं।
शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़ने और गिरने वाले शेयरों का हाल...
दुनियाभर के बाजार में सपाट कारोबार
अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड बढ़त, आर्थिक रिकवरी से खरीदारी
अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूत आर्थिक रिकवरी के चलते खरीदारी रही। S&P 500 और डाओ जोंस इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। S&P 500 इंडेक्स 58 पॉइंट ऊपर 4,077 पर बंद हुआ। इसी तरह डाओ जोंस इंडेक्स 373 पॉइंट बढ़त के साथ 33,527 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स भी 225 अंक उछाल के साथ 13,705 पर पहुंच गया है। इससे पहले यूरोपियन मार्केट में सपाट कारोबार देखने को मिला, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं।
कोरोना के रिकॉर्ड मामलों से बिगड़ा शेयर बाजार की चाल
शेयर बाजार में 5 अप्रैल को भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। BSE सेंसेक्स 870 अंक गिरकर 49,159.32 पर और निफ्टी भी 230 अंक नीचे 14,637.80 पर बंद हुआ। NSE के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 931.66 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 75.48 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे। पूरी यहां खबर पढ़ें...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.