पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंशेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन, यानी मंगलवार (6 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स 208 अंकों की गिरावट के साथ 62,626.36 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 58 अंक गिरकर 18,642 के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में लगातार तीसरे दिन यह गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं 15 शेयरों में ही तेजी रही।
हिंडाल्को-टाटा स्टील टॉप लूजर
अडाणी एंटरप्राइजेज, हिंदुस्तान यूनिलिवर, नेस्ले इंडिया, बजाज ऑटो, अल्ट्राटेक सीमेंट, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड समेत निफ्टी के 19 शेयरों में तेजी रही। वहीं BPCL, हिंडाल्को, टाटा स्टील, डॉ रेड्डी, UPL, इंफोसिस, इंडसइंड बैंक समेत निफ्टी के 30 शेयरों में गिरावट देखने को मिली। वहीं एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।
IT सेक्टर में 1.45% की गिरावट
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 9 में गिरावट रही। IT सेक्टर में सबसे ज्यादा 1.45% की गिरावट देखने को मिली। मीडिया सेक्टर 1.02% गिरा। इसके अलावा बैंक, ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, मेटल, फार्मा, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में भी गिरावट रही। वहीं PSU बैंक सेक्टर में 1.26% की तेजी देखने को मिली। FMCG सेक्टर में भी मामूली तेजी रही।
सोने और चांदी में गिरावट, रुपया कमजोर
वहीं सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी में गिरावट देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 53,629 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी की बात करें तो ये 64,648 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 76 पैसे कमजोर हुआ।
सोमवार को भी गिरावट में बंद हुआ था बाजार
इससे पहले शेयर बाजार में सोमवार (5 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 33 अंकों की गिरावट के साथ 62,834 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 5 अंक बढ़कर 18,701 के स्तर पर पहुंच गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.